Delhi Weather : दिल्ली-NCR में रविवार को उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है, लेकिन इसी बीच मौसम करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 16 अगस्त को दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी है. राजधानी में आज हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. अगले सात दिनों तक भी रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का आसमान ज्यादातर बादलों से ढका रह सकता है. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है. शाम से रात तक बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.
दिन में दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. शाम के समय हवा की गति 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे या इससे अधिक हो सकती है. दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
शनिवार को पूसा में सबसे ज्यादा बारिश
शनिवार को दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई. सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच पूसा में सबसे अधिक 15 मिमी बारिश दर्ज की गई. पालम में 8 मिमी, सफदरजंग में 5.8 मिमी और मयूर विहार में 8 मिमी बारिश हुई.
शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था. वहीं अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा.
बारिश के बाद भी उमस ने किया परेशान
पिछले 24 घंटों में दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली कड़कने की घटनाएं हुईं. अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई. नमी का स्तर 97 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे उमस बनी रही.
बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी से बड़ी राहत नहीं मिली. अब रविवार को बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








