Delhi NCR

नरेला में तेज रफ्तार मर्सिडीज और वैगनआर की टक्कर, 70 वर्षीय महिला की मौत, नशे में ड्राइविंग का शक

Delhi Accident : दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके नरेला में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा ममूरपुर इलाके में हिमालय अपार्टमेंट के सामने हुआ, जहां एक तेज रफ्तार मर्सिडीज और वैगनआर कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

70 वर्षीय महिला की मौत

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे मर्सिडीज कार और वैगनआर आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैगनआर करीब 30 मीटर तक पीछे घिसटती हुई पास में खड़ी एक लोडिंग थ्री-व्हीलर से जा टकराई। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद 70 वर्षीय उर्मिला नाम की महिला दोनों वाहनों की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में वैगनआर चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, दोनों कारों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मर्सिडीज के एयरबैग भी खुल गए।

तेज रफ्तार में चला रहा था गाड़ी

पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल मर्सिडीज कार (DL 1C AB 0369) को शुभम नाम का युवक चला रहा था। बताया जा रहा है कि यह कार उसके दोस्त की थी, जिसे वह लेकर निकला था। आरोप है कि वह गलत दिशा से तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था, तभी सामने से सही लेन में आ रही वैगनआर से उसकी टक्कर हो गई।

नशे की हालत में था मर्सिडीज चालक

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि मर्सिडीज चालक नशे की हालत में था। कार के अंदर से बीयर की बोतल और खाने का सामान मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

तेज रफ्तार और लापरवाही की जांच

हादसे के बाद नरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय चालक शराब के नशे में था या नहीं। पुलिस तेज रफ्तार और लापरवाही से हुई इस दुर्घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली-IIT में पीएम मोदी की छात्रों को सीख, कहा- रियल लाइफ कैंपस लाइफ से अलग, बताया विकसित भारत का आधार और भविष्य की चुनौतियां

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button