Delhi NCRमौसम

दिल्ली-NCR से पहाड़ों तक बारिश बनी आफत, कई राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन से हाल बेहाल

Monsoon Update : उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। दिल्ली-NCR से लेकर पहाड़ी राज्यों और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते जलभराव, ट्रैफिक जाम, बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

दिल्ली-NCR में बारिश से सड़कें डूबीं, गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम की अपील

दिल्ली और गुरुग्राम में गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर जलभराव के कारण कई जगहों पर लंबा जाम लग गया। दिल्ली-जयपुर हाईवे, धौला कुआं, कालिंदी कुंज, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ग्रीन पार्क और एम्स जैसे प्रमुख इलाकों में वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए।

गुरुग्राम पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है, ताकि सड़कों पर दबाव कम किया जा सके।

उत्तराखंड में गंगा उफान पर, बद्रीनाथ हाईवे बंद

उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। ऋषिकेश में गंगा नदी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है। प्रशासन ने लोगों को घाटों पर जाने से बचने की सलाह दी है।

चमोली जिले में हेलंग के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाईवे बंद हो गया है। यह मार्ग बद्रीनाथ धाम तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। हाईवे बंद होने के बाद करीब 200 यात्रियों को रोक दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से फिलहाल यात्रा टालने की अपील की है। सड़क को दोबारा खोलने के लिए BRO, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और PWD की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

स्कूल बंद, केदारनाथ हाईवे पर मलबा गिरा

लगातार बारिश को देखते हुए देहरादून, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल जिलों में आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। रुद्रप्रयाग में तिलवाड़ा के पास पहाड़ी से मलबा और पानी केदारनाथ हाईवे पर आ गया। इसके कारण कई वाहन कीचड़ और मलबे में फंस गए।

उत्तर प्रदेश में बाढ़ का असर, कई गांव जलमग्न

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से हालात बिगड़ रहे हैं। फर्रुखाबाद के 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में गंगा का पानी पहुंच गया है। बलिया में सरयू नदी के कटान से पिछले एक सप्ताह में 27 घर नदी में समा चुके हैं। वहीं, प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के कारण 100 साल पुराना मकान गिर गया, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई।

असम में बाढ़ से हालात गंभीर, 95 लोगों की मौत

असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में 6 और लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद इस मानसून सीजन में मृतकों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है। धानसिरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसके चलते राज्य के 14 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ से 1.6 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।

दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट, आज भी बारिश की संभावना

दिल्ली में गुरुवार सुबह कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि, रोहतक रोड समेत कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिनभर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हरियाणा में 6 जिलों में यलो अलर्ट

हरियाणा में भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 78.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला।

हिमाचल में बारिश की रफ्तार धीमी

हिमाचल प्रदेश में मानसून की गति फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले एक सप्ताह में राज्य में सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक भी ज्यादातर क्षेत्रों में सामान्य या सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने आज तीन जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों का बड़ा अभियान, दिसंबर तक 4 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया तेज होगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button