Tesla Model Y Electric Car : एलन मस्क की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला ने भारत में अपनी Model Y इलेक्ट्रिक कार के लिए नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर लॉन्च किया है। कंपनी ने Model Y में Grok AI असिस्टेंट को शामिल किया है। यह सुविधा ग्राहकों को ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट के जरिए उपलब्ध कराई गई है और इसके लिए किसी अतिरिक्त शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा।
इसके साथ ही टेस्ला ने भारत में अपने डीलरशिप नेटवर्क पर Model Y (प्रीमियम RWD) वेरिएंट की टेस्ट ड्राइव भी शुरू कर दी है। Grok AI के आने के बाद टेस्ला कार को इस्तेमाल करने का अनुभव पहले से ज्यादा स्मार्ट और आसान हो जाएगा।
आवाज से कंट्रोल होगा Grok AI
Tesla Model Y में दिए गए Grok AI असिस्टेंट को वॉइस कमांड के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है। ड्राइवर स्टीयरिंग व्हील पर मौजूद वॉइस बटन दबाकर या “Hey Grok” बोलकर इसे एक्टिव कर सकते हैं।
यह AI असिस्टेंट सिर्फ अंग्रेजी भाषा तक सीमित नहीं है, बल्कि कई भारतीय भाषाओं को भी सपोर्ट करता है। इसमें हिंदी, मराठी, गुजराती, तेलुगु, तमिल और कन्नड़ जैसी भाषाओं में बातचीत की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा यूजर्स Grok AI के बोलने के अंदाज, भाषा और बातचीत के तरीके को अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज भी कर सकेंगे।
Tesla Model Y में Grok AI के खास फीचर्स
स्मार्ट नेविगेशन
Grok AI यूजर की आदतों और शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए बेहतर रूट सुझाव दे सकता है। इसके जरिए वॉइस कमांड से कई जगहों पर रुकने वाला मल्टी-स्टॉप रूट भी तैयार किया जा सकता है।
जरूरी जानकारी तुरंत मिलेगी-
यह AI रास्ते में मौजूद टेस्ला सुपरचार्जर, रेस्टोरेंट, कैफे, अस्पताल, एटीएम और टॉयलेट जैसी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करा सकता है।
कार की वॉर्निंग को आसान भाषा में समझाएगा-
अगर कार की स्क्रीन पर कोई अलर्ट या वॉर्निंग दिखाई देती है, तो Grok AI उसे आसान भाषा में समझाने में मदद करेगा।
भारत में Tesla Model Y की कीमत
फिलहाल टेस्ला भारत में अपनी Model Y इलेक्ट्रिक कार को दो वेरिएंट में बेच रही है।
Tesla Model Y Premium RWD: इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 50.89 लाख रुपये है। यह 5-सीटर इलेक्ट्रिक कार है।
Tesla Model Y L Premium AWD: इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 61.99 लाख रुपये है। यह 6-सीटर इलेक्ट्रिक कार है।
भारत में Tesla Model Y का मुकाबला प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों जैसे Hyundai Ioniq 5, Kia EV6 और BYD Sealion 7 से है। Grok AI फीचर के जुड़ने के बाद टेस्ला का लक्ष्य भारत में अपने ग्राहकों को ज्यादा बेहतर कनेक्टेड और स्मार्ट ड्राइविंग अनुभव देना है।
ये भी पढ़ें- कुलगाम में धर्म पूछकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या, 10 दिनों के भीतर दूसरा आतंकी हमला, हिंदुओं को बना रहे निशाना
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









