Team India Sri Lanka Tour : भारतीय क्रिकेट टीम अगस्त में श्रीलंका दौरे पर जाएगी, जहां दोनों देशों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम एक अभ्यास मुकाबला खेलेगी, लेकिन इस वॉर्म-अप मैच के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
पहले यह अभ्यास मैच चार दिनों का निर्धारित था, लेकिन अब इसे घटाकर तीन दिन कर दिया गया है। यह मुकाबला कोलंबो के NCC ग्राउंड में 7 अगस्त से शुरू होगा और 9 अगस्त तक खेला जाएगा। इस बदलाव की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और टीम मैनेजमेंट को दे दी गई है। हालांकि, मैच की अवधि कम करने के पीछे कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।
क्रिकेट फैंस के लिए राहत की बात
भारतीय टीम 4 अगस्त को कोलंबो के लिए रवाना होगी। अभ्यास मैच खत्म होने के बाद टीम गॉल पहुंचेगी, जहां 15 अगस्त से पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का दूसरा टेस्ट मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के SSC स्टेडियम में आयोजित होगा। क्रिकेट फैंस के लिए राहत की बात यह है कि वॉर्म-अप मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
साई सुदर्शन ने बल्लेबाजी अभ्यास शुरु किया
टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर भी अच्छी खबर सामने आई है। चोट के कारण टीम में चयन के लिए फिटनेस पर निर्भर रहने वाले साई सुदर्शन ने बेंगलुरु में अपना रिहैब पूरा कर लिया है। उन्होंने बल्लेबाजी अभ्यास भी दोबारा शुरू कर दिया है।
वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी घुटने की चोट से पूरी तरह उबर चुके हैं। उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और अब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- वंदे भारत की तारीफ पर घिरे सोनम वांगचुक ने दिया करारा जवाब, बोले- सही को सही कहेंगे और…
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









