Japan Earthquake News : जापान में आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने टोक्यो में बताया कि भूकंप के कारण कई लोगों की मौत हुई है, बड़ी संख्या में इमारतें ढह गई हैं और सड़कों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है. सरकार के प्रवक्ता मिनोरू किहारा के अनुसार, सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बुधवार सुबह तक क्यूशू द्वीप के तीन इलाकों में बनाए गए 506 राहत शिविरों में 9 हजार से अधिक लोगों ने शरण ली है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में इतना तेज भूकंप कभी महसूस नहीं किया. यह जापान के सात स्तर वाले शिंदो पैमाने के सबसे ऊंचे स्तर पर दर्ज किया गया. इस तीव्रता के झटकों के दौरान खड़े रहना भी मुश्किल हो जाता है.
गैस विस्फोट से शॉपिंग मॉल तबाह
मृतकों में कम से कम दो महिलाएं शामिल हैं, जिनकी मौत काशिमा शहर के एक शॉपिंग मॉल में हुई. आशंका है कि भूकंप आने के करीब आधे घंटे बाद गैस विस्फोट हुआ, जिससे मॉल का एक हिस्सा पूरी तरह ढह गया. भूकंप के बाद कई बार आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए.
यात्सुशिरो स्थित निप्पॉन पेपर इंडस्ट्रीज की फैक्ट्री में नौ लोग लापता बताए जा रहे हैं. वहीं, कुमामोटो में 36,880 घरों और अन्य स्थानों की बिजली बुधवार सुबह तक बाधित रही. भूकंप के कारण एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई और कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं. शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं भी बंद रखी गईं.
राहत और बचाव कार्य जारी
भूकंप में सदियों पुराने कुमामोटो किले की दीवार का एक हिस्सा भी गिर गया. राहत और बचाव कार्य के लिए जापानी सेना के 3,600 जवान तैनात किए गए हैं, जबकि नुकसान का हवाई सर्वेक्षण करने के लिए 20 विमान भेजे गए हैं.
बता दें कि जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है. प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां हर साल सैकड़ों भूकंप दर्ज किए जाते हैं. वर्ष 2011 में आए विनाशकारी भूकंप और सुनामी में करीब 18,500 लोग मारे गए थे या लापता हो गए थे.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









