राजनीति

“वे कई लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनाने को आजादी कहती हैं”..Gen Z महिलाओं पर कंगना रनौत का हमला

Kangna Ranaut : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियां बटोरी हैं। इस बार उन्होंने जेन जी (Gen Z) प्रदर्शनकारियों, खासकर युवा महिलाओं को निशाने पर लेते हुए उन्हें जनरेशन गटर (Generation Gutter)” बताया। कंगना का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

जेन जी प्रदर्शनकारियों पर साधा निशाना

कंगना रनौत ने नीट पेपर लीक के विरोध और तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल युवाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ युवा महिलाएं स्वतंत्र करियर वाली महिलाओं की जीवनशैली की नकल करना चाहती हैं, लेकिन उन्होंने उस स्वतंत्रता को कमाया नहीं है।

इंस्टाग्राम स्टोरी में कही ये बात

कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि जो महिलाएं वास्तव में स्वतंत्र होती हैं, वे अपने फैसलों की जिम्मेदारी खुद उठाती हैं, बेबाक राय रखती हैं और अपने दम पर जीवन जीती हैं। उनके मुताबिक, ऐसी महिलाएं अपने माता-पिता या परिवार के सहारे स्वतंत्रता का दावा नहीं करतीं।

जनरेशन गटरबताकर साधा निशाना

अपने पोस्ट में कंगना ने कथित तौर पर पश्चिमी सोच अपनाने वाली भारतीय महिलाओं को “जनरेशन गटर” कहा। रनौत ने कहा कि, वे ड्रग्स लेने, शराब पीने या कई लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनाने की अपनी आजादी का गर्व से दिखावा करती हैं, जबकि बिना असल में आजाद हुए अपने माता-पिता की कमाई पर बेशर्मी से जीते हैं और आजाद जिंदगी जीने के लिए लगातार लड़ते रहते हैं।

कंगना ने अपने पोस्ट में लिखा कि स्वतंत्र जीवन केवल जिम्मेदारी निभाने वालों का होता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बिना जिम्मेदारी उठाए आजाद जिंदगी जीने की कोशिश करता है, तो वह केवल एक बिगड़ा हुआ इंसान है। उन्होंने यह भी लिखा कि “आजाद जिंदगी कमानी पड़ती है।”

प्रदर्शनकारियों के व्यवहार पर भी उठाए सवाल

सोमवार को किए गए एक अन्य पोस्ट में कंगना ने प्रदर्शनकारियों के बोलने के तरीके और व्यवहार पर भी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि जिस तरह की भाषा और व्यवहार उन्होंने वीडियो में देखा, वैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने सवाल किया कि “इन्हें कौन पैदा कर रहा है और पाल-पोस रहा है?”

क्या है CJP का मामला?

कंगना ने अपने पोस्ट में “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” का भी जिक्र करते हुए आंदोलन का मजाक उड़ाया। वहीं, CJP ने शनिवार को जंतर-मंतर पर 36 दिनों से चल रहे अपने प्रदर्शन को समाप्त करने की घोषणा की। संगठन का कहना था कि सरकार द्वारा उनकी प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद सद्भावना के तहत आंदोलन वापस लिया गया और प्रदर्शन स्थल खाली कर दिया गया।

बयान पर शुरू हुई बहस

कंगना रनौत के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। एक ओर कुछ लोग उनके बयान का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोग इसे युवा महिलाओं और प्रदर्शनकारियों के प्रति आपत्तिजनक और सामान्यीकरण करने वाला बता रहे हैं।

ये भी पढ़ें – पद्म भूषण तरलोचन सिंह को प्रथम डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button