Uttarakhandक्राइमबड़ी ख़बर

1109 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, गुप्ता पावर के ठिकानों पर चार राज्यों में छापेमारी

CBI Raids : 1109 करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले की जांच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और उत्तराखंड स्थित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। भुवनेश्वर की विशेष CBI अदालत से मिले सर्च वारंट के आधार पर की गई इस कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं।

CBI की शुरुआती जांच के मुताबिक, कंपनी पर बैंकों से अधिक ऋण हासिल करने के लिए वित्तीय दस्तावेजों और स्टॉक का मूल्य बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने का आरोप है। एजेंसी का कहना है कि कथित तौर पर फर्जी वित्तीय आंकड़ों के आधार पर ऋण सीमा बढ़वाई गई और बाद में ऋण राशि का इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य के बजाय अन्य खातों और गतिविधियों में किया गया, जिससे बैंकों को भारी नुकसान हुआ।

जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच जारी

जांच के दौरान भुवनेश्वर में कंपनी के चार निदेशकों के आवास, कोलकाता स्थित पंजीकृत कार्यालय, उत्तराखंड के काशीपुर, तमिलनाडु के तिरुवल्लूर तथा भुवनेश्वर स्थित उत्पादन इकाइयों की भी तलाशी ली गई। CBI ने बताया कि जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच जारी है और मामले की गहन पड़ताल की जा रही है।

गुप्ता पावर पर कई बैंकों से करोड़ों कर्ज लेने का आरोप

जांच में यह भी सामने आया है कि गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने विभिन्न बैंकों के कंसोर्टियम से करीब 2,900 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। कंपनी पर पंजाब नेशनल बैंक का 270 करोड़ रुपये और बैंक ऑफ इंडिया का 226 करोड़ रुपये बकाया होने का आरोप है। वर्ष 2025 में दोनों बैंकों ने इन खातों को कथित धोखाधड़ी (फ्रॉड) की श्रेणी में डालते हुए इसकी जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को भी दी थी।

मामला नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) तक पहुंच चुका है। वहीं, केनरा बैंक ने कंपनी की कई संपत्तियों की नीलामी के लिए सार्वजनिक नोटिस जारी किया था। CBI अब पूरे वित्तीय लेन-देन, फंड के उपयोग और मामले से जुड़े सभी पक्षों की भूमिका की विस्तार से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें – आधी रात सलमान खान का पोस्ट वायरल, फैंस से पूछा- “आपकी तबीयत कैसी है?”

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button