विदेश

US की लगातार 7वीं रात बमबारी, MQ-9 ड्रोन तबाह होने का दावा, होर्मुज से बहरीन तक धमाकों की खबर

America Iran Conflict : अमेरिका- ईरान के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है. अमेरिकी सेना ने लगातार सातवीं रात ईरान के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, इन हमलों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना है. यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर की जा रही है.

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि जरूरत पड़ने पर ईरान के अहम ठिकानों पर हमले और तेज किए जा सकते हैं, उन्होंने यह भी कहा था कि जमीनी सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी खुला हुआ है.

IRGC ने किया बड़ा दावा

वहीं, ईरान ने दावा किया है कि उसने बुशेहर के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है. ईरानी मीडिया और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के अनुसार, करीब 3.4 करोड़ डॉलर कीमत वाला यह ड्रोन कुछ ही पलों में नष्ट कर दिया गया. हालांकि, अमेरिका ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है.

अमेरिकी हमले जारी रहे तो होगा जवाब

ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार मोहसिन रजाई ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी हमले कुछ और दिनों तक जारी रहे तो ईरान पूरी ताकत के साथ जवाबी सैन्य अभियान शुरू करेगा. ईरानी सेना ने यह भी कहा है कि जिन देशों की जमीन या सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल अमेरिका करेगा, वहां मौजूद अमेरिकी कंपनियां भी निशाने पर हो सकती हैं.

दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी

ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण में दो तेल टैंकरों में विस्फोट के बाद आग लग गई. इसके अलावा कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमलों का भी दावा किया गया है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

यज्द, फार्स और खुजेस्तान प्रांत के अहवाज शहर में भी धमाकों की खबरें सामने आई हैं. इससे साफ है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव अब और गंभीर होता जा रहा है.

ये भी पढ़ें- गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 संदिग्ध गिरफ्तार, जांच में कई खुलासे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button