Rajasthan

बाड़मेर में चौथी कक्षा के छात्र की पिटाई का आरोप, मैथ की कॉपी नहीं लाने पर शिक्षक ने डंडे से पीटा

Rajasthan News : राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक निजी स्कूल में छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गणित की कॉपी नहीं लाने पर शिक्षक ने चौथी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र की डंडे से पिटाई कर दी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया।

घटना चौहटन क्षेत्र के टीपीएस पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कक्षा में गणित के शिक्षक ने छात्र से कॉपी मांगी थी। छात्र ने बताया कि वह कॉपी घर पर भूल आया है और अगले दिन लेकर आएगा। आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने उसकी पिटाई कर दी।

पिटाई के बाद छात्र को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गया। छात्र की हालत बिगड़ते देख स्कूल स्टाफ में हड़कंप मच गया। स्कूल के एक शिक्षक ने तुरंत परिजनों को घटना की जानकारी दी।

परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती

छात्र के पिता के अनुसार, उनका 8 वर्षीय बेटा चौथी कक्षा में पढ़ता है। वह सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल बस से स्कूल गया था। करीब 10 बजे उन्हें स्कूल से फोन आया कि बच्चे की तबीयत खराब हो गई है।

परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और छात्र को इलाज के लिए चौहटन अस्पताल ले गए। अस्पताल में उसका उपचार किया गया। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और छात्र से घटना के संबंध में जानकारी ली।

परिजनों का कहना है कि बच्चे ने बताया कि गणित की कॉपी घर पर छूटने के कारण शिक्षक ने उसे डंडे से मारा था।

स्कूल प्रबंधन ने जांच की बात कही

मामले को लेकर स्कूल संचालक का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर जांच में शिक्षक की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उसे स्कूल से हटा दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्र के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- NEET में कम नंबर आए तो 13वीं मंजिल से कूदकर किया सुसाइड, NEET स्कोर को लेकर तनाव में थी दानविता

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button