विदेश

ईरान में क्या होने वाला है? तेहरान के ऊपर दिखे अमेरिकी सैन्य विमान

US Iran Tensions : ईरान की राजधानी तेहरान के आसपास अचानक बढ़ी सैन्य गतिविधियों ने एक बार फिर पश्चिम एशिया में तनाव को लेकर अटकलें तेज कर दी हैं. तेहरान के आसपास एयर डिफेंस सिस्टम के सक्रिय होने और बोरूजर्द शहर के पास धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देने की खबरें सामने आई हैं. हालांकि, इन घटनाओं की वजह क्या है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

इस बीच, सार्वजनिक फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइटों पर ईरान के आसपास अमेरिकी सेना के कई विमान सक्रिय दिखाई दिए हैं. इनमें तीन KC-135 एयर टैंकर, दो KC-46A एयर टैंकर और एक E-3 AWACS विमान शामिल हैं. इन विमानों की मौजूदगी ने क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

सैन्य विमानों की गतिविधियों पर विशेषज्ञों की नजर

E-3 AWACS विमान का इस्तेमाल हवाई निगरानी और शुरुआती चेतावनी के लिए किया जाता है. वहीं, KC-135 और KC-46A विमान लड़ाकू विमानों को हवा में ईंधन उपलब्ध कराने का काम करते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि सार्वजनिक ट्रैकिंग वेबसाइटों पर सैन्य विमानों की सीमित जानकारी ही दिखाई देती है. ऐसे में वास्तविक सैन्य गतिविधियां इससे अधिक भी हो सकती हैं.

ईरानी अधिकारियों ने नहीं दिया कोई बयान

तेहरान के अलावा बोरूजर्द शहर के पास धमाकों की आवाजें सुनाई देने की भी खबर है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ये किसी सैन्य कार्रवाई का हिस्सा थे या इनके पीछे कोई अन्य कारण है. ईरानी अधिकारियों ने इस मामले पर अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है.

उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि दिसंबर 2024 में हिरासत में ली गई एक अमेरिकी नागरिक को ईरान ने रिहा कर दिया है. ट्रंप ने इस कदम को सद्भावना का संकेत बताते हुए ईरान की सराहना की और कहा कि संबंधित अमेरिकी नागरिक सुरक्षित है.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में हैंड ग्रेनेड और तीन आधुनिक राइफलें बरामद, नाबालिग सहित तीन व्यक्ति काबू

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button