Mumbai Chawl Collapse : मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें एक चॉल का हिस्सा ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई। यह घटना जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हनुमान मंदिर के पीछे रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, बीएमसी के वार्ड कार्यालय और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंची और बचाव अभियान में जुट गई। फायर ब्रिगेड की टीमें सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, वहीं मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका है।
मृतकों और घायलों की स्थिति
मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं, वहीं घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल, प्रारंभिक जांच में भारी बारिश को हादसे की मुख्य वजह बताया गया है। गौरतलब है कि मुंबई में इन दिनों भारी बारिश का दौर जारी है, और मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पेड़ गिरने से भी गई जानें
बीएमसी के अनुसार शहर में 15000 से ज्यादा खतरनाक इमारतें हैं, और मानसून के दौरान हर साल इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। यही नहीं, इससे पहले भी बारिश से जुड़े हादसों में पेड़ गिरने से कुछ लोगों की जान जा चुकी है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने और जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ पाएगी। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने की अपील की है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, ग्राउंड प्लस तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत का एक हिस्सा तेज आवाज के साथ ढह गया, जिससे आस-पास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। यह पुरानी तीन मंजिला इमारत का हिस्सा था, जो भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान ढह गया।
ये भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद में जांच तेज, बैठक में हो सकती हैं 10 बड़ी बातें, महासचिव के भरोसे पर पहुंची चोट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









