Punjabराज्य

CM भगवंत मान ने बढ़ाया सरपंचों का मानदेय, हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने फैसले को बताया लोकतंत्र मजबूत करने वाला कदम

Punjab News : पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा सरपंचों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किए जाने के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा गांवों के जनप्रतिनिधियों के बहुमूल्य योगदान को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.

जारी एक बयान में हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मानदेय में पांच गुना वृद्धि मुख्यमंत्री द्वारा जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने की स्पष्ट प्रतिबद्धता का प्रमाण है, उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर चुने गए जनप्रतिनिधियों को वह सम्मान और सहयोग मिलना चाहिए, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं.

वर्षों से कम मानदेय पर कर रहे थे कार्य

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरपंच सरकार और ग्रामीण नागरिकों के बीच संपर्क की पहली कड़ी के रूप में कार्य करते हैं तथा विकास योजनाओं को लागू करने, स्थानीय समस्याओं का समाधान करने और जनसेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. अपनी अहम जिम्मेदारियों के बावजूद वे वर्षों से बेहद कम मानदेय पर कार्य कर रहे थे.

मानदेय वृद्धि से मजबूत होगा विकास कार्य

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जनकल्याणकारी और जन-केंद्रित निर्णय ले रही है, उन्होंने कहा कि मानदेय में यह वृद्धि न केवल सरपंचों का मनोबल बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें अपने गांवों के विकास के लिए अधिक समय और ऊर्जा समर्पित करने में भी सक्षम बनाएगी.

सरपंचों के स्वागत से बढ़ा पंचायतों का मनोबल

ग्रामीण समुदायों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि इस घोषणा का पूरे पंजाब के सरपंचों ने भरपूर स्वागत किया है और यह गांव स्तर पर कुशल, पारदर्शी तथा उत्तरदायी प्रशासन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

कैबिनेट मंत्री ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के सपनों के समृद्ध और विकासशील पंजाब के निर्माण के लिए पंजाब सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने तथा गांवों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

ये भी पढ़ें- भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा उछाल! GDP अनुमान बढ़ा, जानिए पूरी रिपोर्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button