Petrol Diesel Rates Today : अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद और होर्मुज स्ट्रेट में हालात बेहतर होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. गुरुवार, 25 जून को भी क्रूड ऑयल के दाम नीचे आए. सप्लाई को लेकर चिंताएं कम होने से ब्रेंट क्रूड की कीमत मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने से पहले के स्तर के करीब पहुंच गई है. ब्रेंट क्रूड 1.52 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ करीब 72.4 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 1.43 फीसदी गिरकर करीब 69.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में भी कच्चे तेल में करीब 4 फीसदी की बड़ी गिरावट देखने को मिली थी. इसी बीच इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और अन्य तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी कर दिए हैं. अलग-अलग शहरों में टैक्स और स्थानीय शुल्क के चलते कीमतों में मामूली अंतर बना हुआ है.
मध्य पूर्व में बढ़े तनाव के दौरान कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली थी, लेकिन भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम लंबे समय तक स्थिर रहे. हालांकि, पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद मई महीने में तेल कंपनियों ने चार बार ईंधन के दाम बढ़ाए थे. महज 11 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी की गई.
तेल कंपनियों ने मई में कई बार बढ़ाए रेट
आपको बता दें कि तेल कंपनियों ने सबसे पहले 15 मई 2026 को पेट्रोल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3.29 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे. इसके बाद 19 मई को पेट्रोल करीब 87 पैसे और डीजल करीब 91 पैसे महंगा किया गया. फिर 23 मई और 25 मई को भी कीमतों में इजाफा किया गया. 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था. इसके बाद से अब तक कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है.
इन शहरों में क्या है पेट्रोल का भाव
आज 25 जून को नई दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. मुंबई में इसकी कीमत 111.21 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, कोलकाता में पेट्रोल 113.47 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 107.76 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. हैदराबाद में पेट्रोल का भाव 115.73 रुपये प्रति लीटर है, जबकि बेंगलुरु में इसकी कीमत 110.93 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है.
इन शहरों में क्या है डीजल का भाव
वहीं, डीजल की बात करें तो नई दिल्ली में इसकी कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है. मुंबई में डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. कोलकाता में इसका दाम 99.82 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है. हैदराबाद में डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर के भाव मिल रहा है, जबकि बेंगलुरु में भी इसकी कीमत लगभग इसी स्तर पर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







