FASTag Annual Pass : टोल टैक्स व्यवस्था में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार एक ऐसी नई योजना पर काम कर रही है, जिससे वाहन चालकों को बार-बार टोल प्लाजा पर रुककर भुगतान करने की परेशानी से राहत मिलेगी। इस प्रस्तावित व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए डिजिटल मंथली और सालाना पास की सुविधा शुरू की जा सकती है।
टोल व्यवस्था को स्मूथ और बिना रुकावट बनाना
इस नए सिस्टम में यह पास फास्टैग से लिंक होगा, जिससे वाहन चालकों को हर बार टोल पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे आसानी से टोल पार कर सकेंगे। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय का उद्देश्य टोल व्यवस्था को पूरी तरह से स्मूथ और बिना रुकावट वाला बनाना है। अधिकारियों के अनुसार, इस सुविधा को अगले महीने तक लागू किए जाने की संभावना है।
मालिकों की पहचान आधार नंबर के जरिए
योजना के तहत यह डिजिटल पास उन लोगों को मिलेगा जो किसी टोल प्लाजा के लगभग 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं और जिनके पास निजी (गैर-व्यावसायिक) वाहन हैं। वाहन मालिकों की पहचान आधार नंबर के जरिए की जाएगी और इसके बाद डिजिटल पास जारी किया जाएगा, जो सीधे फास्टैग से लिंक रहेगा।
अनलिमिटेड टोल क्रॉसिंग की सुविधा
इससे स्थानीय वाहन चालक बिना रुके टोल प्लाजा से गुजर सकेंगे। पहले इस तरह के मंथली पास की कीमत करीब 350 रुपये थी, जिसमें एक महीने में अनलिमिटेड टोल क्रॉसिंग की सुविधा मिलती थी। अब इसे डिजिटल रूप में बदलकर फास्टैग से जोड़ा जाएगा।
वाहनों की तुरंत हो सकेगी पहचान
सरकार का मानना है कि इस बदलाव से टोल प्लाजा पर होने वाली भीड़ और अनियमितताओं में काफी कमी आएगी। खासकर उन मामलों पर रोक लगेगी, जहां कुछ लोग खुद को स्थानीय निवासी बताकर बिना पास के टोल पार कर लेते थे। नए सिस्टम में ऐसे वाहनों की पहचान तुरंत हो सकेगी और ई-नोटिस भी भेजा जा सकेगा।
हालांकि, अभी तक नए डिजिटल पास की कीमत को लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन उम्मीद है कि यह पुरानी व्यवस्था के समान ही किफायती रहेगा।
ये भी पढ़ें- थिएटर में फ्लॉप, ओटीटी पर सुपरहिट! ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’, बॉक्स ऑफिस पर 2 करोड़ भी नहीं कमा पाई फिल्म
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









