Haryana News : हरियाणा के किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पर्यावरण दिवस के अवसर पर सूरजमुखी की खेती करने वाले किसानों के लिए पंजीकरण पोर्टल को 60 दिनों के लिए दोबारा खोलने का ऐलान किया है। इस निर्णय के तहत किसान निर्धारित अवधि में अपना पंजीकरण कर सकेंगे, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने राज्य में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। वन विभाग द्वारा इस वर्ष 1.5 करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे, जिससे हरियाली बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पक्षी दर्शन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष सर्किट विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय और प्रवासी पक्षियों की 100 से अधिक प्रजातियों को लाभ मिलेगा।
पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण में मजबूती
सरकार ने पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। पिपली चिड़ियाघर का 70 करोड़ रुपये और भिवानी चिड़ियाघर का 25 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा। वहीं सरस्वती संरक्षण वन में 55 करोड़ रुपये की लागत से पक्षी विहार बनाया जाएगा।
बुनियादी ढांचे का किया जाएगा विकास
कलेसर राष्ट्रीय उद्यान में इको-टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। इसके अलावा सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान, भिंडावास पक्षी अभयारण्य और कोटला झील को जोड़कर एक विशेष पक्षी दर्शन पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा।
पौधागिरी अभियान के तहत इस वर्ष स्कूली बच्चों को 20 लाख पौधे वितरित किए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
ये भी पढ़ें- लोनधारकों के लिए बड़ी खबर, RBI ने Repo Rate में नहीं किया कोई बदलाव, महंगाई बढ़ने की जताई आशंका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









