Fuel Price Hike : केंद्र सरकार द्वारा फ्यूल टैक्स बढ़ाने के बाद हरियाणा में पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी बढ़ गई हैं। कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के करीब पहुंच गया है, जैसे फतेहाबाद में नया रेट 99.40 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, डीजल की कीमतें भी अधिकतर शहरों में 90 रुपए के पार हो गई हैं, पंचकूला में डीजल का नया रेट 91.73 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है। नए रेट के अनुसार पेट्रोल और डीजल दोनों पर करीब 3-3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, साथ ही CNG के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़े हैं।
इतने करोड़ रुपए अतिरिक्त होंगे खर्च
हरियाणा में पेट्रोल की रोज़ाना खपत लगभग 48.04 लाख लीटर है, जबकि डीजल की खपत 1.20 करोड़ लीटर है। नए रेट लागू होने के बाद, पेट्रोल पर प्रतिदिन लगभग 1.44 करोड़ रुपये और डीजल पर लगभग 3.6 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च होंगे।
क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल
इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका के तनाव से पहले क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब 100 डॉलर के ऊपर पहुँच गई है। तेल कंपनियों को घाटा कम करने के लिए कीमतों में यह बढ़ोतरी करनी पड़ी। यदि कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक उच्च बनी रहती हैं, तो पेट्रोल और डीजल की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
हरियाणा पेट्रोल उपयोग के मामले में 9वें नंबर पर
हरियाणा पेट्रोलियम एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष शमशेर सिंह गोगी के अनुसार, राज्य में पेट्रोल पर 19.11% और डीजल पर 16.8% वैट लगता है। वैट के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमशः 3.50 और 3.40 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। हरियाणा देश में पेट्रोल उपयोग के मामले में 9वें नंबर पर है। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने यह भी बताया कि सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम में और बढ़ोतरी कर सकती है, जो रोज़ाना 50 पैसे या कुछ दिनों में 3 रुपये तक हो सकती है।
ये भी पढ़ें- भगवंत मान सरकार की शिक्षा क्रांति का असर, पंजाब के 416 सरकारी स्कूलों की 12वीं कक्षा का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









