Sanjay Raut : चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है, राउत ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को लेकर कहा कि ममता बनर्जी को जिस तरह से हराया गया है, उससे साफ है कि बीजेपी बंगाल में कभी जीत हासिल नहीं कर सकती, उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और बीजेपी के बीच मिलीभगत हुई है और करीब 90 लाख वोटों को डिलीट कर दिया गया, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हुई.
संजय राउत ने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा, उन्होंने यह भी कहा कि जब कोई दीपक बुझने लगता है तो उसकी रोशनी और बढ़ जाती है, राजनीति में ऐसी परिस्थितियाँ बनती रहती हैं और एक दिन वही लोग इस “हवा” को महसूस करेंगे.
लोकतंत्र न कभी हारता है न समाप्त होता
संजय राउत ने आगे कहा कि लोकतंत्र न कभी हारता है और न ही समाप्त होता है, क्योंकि देश के लोग आज भी जागरूक हैं, वे निर्जीव नहीं हैं. राउत के अनुसार, जब सही समय आएगा तो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था फिर से मजबूती के साथ उभरेगी, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि चुनाव में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन यदि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष हो तो परिणाम स्वीकार करने में कोई आपत्ति नहीं होती.
हिंदू अपमान पर संजय राउत का बीजेपी पर हमला
संजय राउत ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को लेकर उठे सवाल पर कहा कि हिंदुओं के अपमान के कारण उनकी सत्ता गई है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या ममता बनर्जी ने ऐसा किया था? उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी ने इस देश में हिंदुओं का सबसे ज्यादा अपमान किया है तो वह भारतीय जनता पार्टी है और अब हिंदू समाज जागेगा.
बंगाल में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की
चुनावी नतीजों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है और उसका आंकड़ा 200 से अधिक बताया जा रहा है, जिससे राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने की स्थिति बनी है. यहां सुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया. बताया गया कि सुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से भी जीत दर्ज की थी और पिछली बार भी उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम से ही पराजित किया था.
ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









