Madhya Pradesh

Madhya Pradesh : जबलपुर के बरगी डैम में दर्दनाक हादसा, क्रूज डूबा, 9 की मौत, 28 लोगों को सुरक्षित बचाया

Madhya Pradesh : मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तेज आंधी के कारण एक पर्यटन क्रूज पलटकर डूब गया। इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं 9 से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के समय क्रूज में करीब 43 से 47 पर्यटक सवार थे, जबकि टिकट केवल 29 लोगों के ही जारी हुए थे।

SDRF की टीम ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ, जब मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज हवाओं ने क्रूज को असंतुलित कर दिया। राहत और बचाव कार्य में SDRF की टीम ने शुरुआती दौर में कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन खराब मौसम और अंधेरे के कारण ऑपरेशन प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह से एक बार फिर सर्च अभियान तेज कर दिया गया है।

हैदराबाद से विशेष टीम और हेलिकॉप्टर भेजे गए

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय स्तर की रेस्क्यू एजेंसियों को भी शामिल किया है। सेना के जवान मौके पर मौजूद हैं, जबकि हैदराबाद से विशेष टीम और हेलिकॉप्टर भी भेजा गया है। वहीं कोलकाता से पैरामिलिट्री की टीम भी राहत कार्य में जुट गई है। गहरे पानी में फंसे क्रूज को निकालने के लिए हाइड्रोलिक मशीनों और पोकलेन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

चार साल के बच्चे की गई जान

हादसे में दिल्ली से आए एक परिवार की भी दुखद कहानी सामने आई है, जिसमें मां और उसके चार साल के बच्चे की जान चली गई। दोनों के शव एक-दूसरे से चिपके हुए मिले, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। वहीं पिता और बेटी किसी तरह सुरक्षित बच गए। क्रूज के पायलट ने बताया कि सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे, लेकिन अचानक आए तेज तूफान ने स्थिति को पूरी तरह बेकाबू कर दिया, जिससे हादसा टालना संभव नहीं हो सका। प्रशासन लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।

ये भी पढ़ें- रेवाड़ी में ACB का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते कुंड चौकी इंचार्ज और SI गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button