IMD Weather Alert : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में बदलते मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है. विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बना मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे बिहार की ओर बढ़ रहा है, जबकि झारखंड में सक्रिय मौसम प्रणाली पश्चिम बंगाल की दिशा में आगे बढ़ रही है. इसके चलते इन इलाकों में बिजली गिरने, तेज हवाओं और स्थानीय स्तर पर मौसम से जुड़ी परेशानियों की आशंका बनी हुई है, इसलिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उधर, उत्तर पाकिस्तान और कश्मीर क्षेत्र के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर पंजाब और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है. इस कारण वहां भी मौसम में बदलाव दर्ज किया जा रहा है.
पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम काफी सक्रिय रहने की संभावना है. यहां गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कई जगहों पर भारी वर्षा हो सकती है. हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. असम, मेघालय और आसपास के क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वोत्तर भारत में अगले एक सप्ताह तक मौसम अस्थिर बना रहेगा, हालांकि इससे गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी.
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में भी कई राज्यों में मौसम ने अलग-अलग रूप दिखाया. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि असम और त्रिपुरा में भी कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट और ठंडक का एहसास बढ़ा. वहीं, उत्तराखंड, ओडिशा, कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की घटनाएं भी सामने आईं. दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ और ओडिशा में हीट वेव जैसी स्थिति बनी रही.
उत्तर प्रदेश में तापमान में कमी के आसार
तापमान में आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना कम है, लेकिन इसके बाद तापमान में कुछ वृद्धि और फिर गिरावट का दौर देखने को मिल सकता है. उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तापमान में कमी आने के आसार हैं, हालांकि उसके बाद फिर हल्की बढ़ोतरी संभव है. मध्य और पूर्वी भारत में भी तापमान में हल्की गिरावट और स्थिरता का मिश्रित असर देखने को मिलेगा. गुजरात और महाराष्ट्र में भी मौसम में मामूली उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना ह.
पूर्वोत्तर में भारी बारिश पर रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में भारी से अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है. उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है, जिनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश शामिल हैं. दक्षिण भारत में भी मौसम की गतिविधियां तेज रह सकती हैं, खासकर कर्नाटक और तेलंगाना में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना से इनकार नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें- RBI Grade B भर्ती 2026 : जानिए योग्यता, चयन प्रक्रिया और आवेदन की अंतिम तिथि
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








