Bihar

कांटी में दिल दहला देने वाली घटना, बेड पर मिलीं 3 लाशें, इलाके में मची सनसनी

Bihar News : मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन जगदीश बझीला इलाके में मंगलवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। घर के अंदर बिस्तर पर महिला और उसके दो छोटे बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

घर का दरवाजा बाहर से बंद

मृतकों के पास एक रस्सी भी पाई गई है, जिससे परिजनों ने आशंका जताई है कि तीनों की हत्या की गई है। घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था, वह एक बारात में गया हुआ था। सुबह लौटने पर उसने देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है। दरवाजा खोलने पर अंदर बिस्तर पर तीनों के शव पड़े मिले और पास में रस्सी पड़ी थी।

आसपास के इलाके में लोगों की भीड़

परिजनों ने पट्टेदारों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि परिवार का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मौके पर ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर, डीएसपी पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी समेत कई थानों की पुलिस पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस टीम मामले का जांच में जुटी

फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतकों की पहचान संतोष साह उर्फ मिठाईलाल साह की पत्नी रीता देवी (30), तीन माह के रुद्रांश और तीन वर्षीय बेटी वैष्णवी के रूप में हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रारंभिक जांच के आधार पर पट्टेदारी विवाद से जुड़ी दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें- यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियों का ऐलान, लखनऊ में 936 रेडियो ऑपरेटरों को मिले नियुक्ति पत्र

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button