Rajasthan News : दौसा जिले के बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक सरकारी महिला शिक्षक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी।
फोन पर बात करते हुए ट्रैक पार
हादसा शाम करीब 6:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयपुर से पूजा एक्सप्रेस ट्रेन से उतरने के बाद रेखा जांगिड़ फोन पर बात करते हुए ट्रैक पार कर रही थीं। इसी दौरान दिल्ली से जयपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन आ गई और यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई।
बातचीत के कारण हुआ बड़ा हादसा
जीआरपी के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि फोन पर बातचीत के कारण उनका ध्यान ट्रेन की ओर नहीं गया, जिससे वह समय पर ट्रैक से हट नहीं सकीं और हादसे का शिकार हो गईं।
रविवार की छुट्टी के कारण घर लौट रही थीं महिला
मृतका रेखा जांगिड़ अजमेर के किशनगढ़ में सरकारी स्कूल में ग्रेड थर्ड टीचर के पद पर कार्यरत थीं। वह बांदीकुई की देवतवाल कॉलोनी की रहने वाली थीं। उनके परिवार में पति योगेश जांगिड़, एक बेटा और एक बेटी हैं। रविवार की छुट्टी के कारण वह घर लौट रही थीं।
हादसे का एक 10 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आती नजर आ रही हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- करनाल हाईवे पर बड़ा हादसा, 9 वाहन आपस में टकराए, कई श्रद्धालु घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









