मौसम

यूपी-बिहार में तेज गर्मी का असर, कई राज्यों में बारिश की संभावना, IMD का अलर्ट जारी

Weather Update : अप्रैल के तीसरे सप्ताह में गर्मी ने उत्तर भारत में अपना असर तेज कर दिया है. यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में दोपहर के समय हालात काफी कठिन हो गए हैं. सुबह 10 बजे के बाद ही तापमान तेजी से बढ़ने लगता है, जिससे लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को उत्तर भारत के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है. आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना जताई जा रही हैं.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक जहां एक ओर उत्तर भारत गर्मी से परेशान रहेगा, वहीं पहाड़ी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में मौसम का मिजाज अलग रहेगा. शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में भी बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है.

कहीं-कहीं बारिश के संकेत

पंजाब और राजस्थान के पाकिस्तान सीमा से लगे इलाकों में गर्मी अपने चरम पर रहेगी. हालांकि जम्मू-कश्मीर से सटे पंजाब के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश होने के संकेत हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी शुक्रवार को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है.

मध्य भारत में भी तेज धूप का असर बना रहेगा. हालांकि 19 और 20 अप्रैल को पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. महाराष्ट्र के विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तापमान धीरे-धीरे बढ़ता रहेगा, जबकि 20 अप्रैल के बाद यहां भी हल्की बारिश के आसार हैं.

17 से 22 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश के संकेत

पूर्वी भारत में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहेगा और बारिश जारी रहने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है. वहीं बिहार के पूर्वी हिस्सों, ओडिशा और बंगाल के मैदानी इलाकों में 17 से 22 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के संकेत हैं. सिक्किम में 17 और 18 अप्रैल को तेज बारिश की संभावना जताई गई है.

दक्षिण भारत में भी मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है. तटीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में तेज धूप और नमी के कारण उमस भरी गर्मी रहेगी. इन राज्यों में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें- दोस्त से मिलने के लिए 12 किलोमीटर दौड़ी लड़की, धूल से हुआ बुरा हाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button