Uttar Pradeshक्राइम

पत्नी ने बनवाया पूर्व सांसद का फर्जी मृत्यु प्रमाण, राज खुलने के बाद हुआ मुकदमा दर्ज

 

Waseem Ahmed death certificate : यूपी के अलीगढ़ में पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. वसीम अहमद के मृत्यु प्रमाण पत्र में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में उनकी पत्नी और साले के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला उनके भांजे सैय्यद अशहर इस्लाम (राजा) की तहरीर पर सामने आया।

निधन और विवादित प्रमाण पत्र

अशहर के अनुसार, कोरोना काल के दौरान 26 अप्रैल 2021 को वसीम अहमद का हृदयाघात से निधन उनके छोटे भाई के आवास पर हुआ था। जून 2014 में 65 वर्ष की आयु में उनका निकाह दिल्ली के शाहीनबाग निवासी फराह बानो से हुआ था, जो वर्तमान में सऊदी अरब के जेद्दा में रहती हैं।

वसीम ने अपने सांसद सेवाओं, बैंक अकाउंट और निवेश में कहीं भी फराह बानो का नाम नहीं दर्ज कराया। आरोप है कि फराह ने इसके बाद उन पर सऊदी अरब में रहने का दबाव बनाया।

पहला फर्जीवाड़ा

अशहर ने बताया कि फराह बानो और उनके भाई मुस्तजाब मलिक ने जुलाई 2021 में मिलकर फर्जीवाड़ा करते हुए जिला अस्पताल मलखान सिंह का एक मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाया। इस प्रमाणपत्र में मृत्यु का स्थान जिला अस्पताल दर्शाया गया, जबकि वास्तविकता में वसीम अहमद की मृत्यु घर पर हुई थी।

इसके बाद अशहर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत की। अधिकारियों ने लिखित में कहा कि यह प्रमाणपत्र उनके कार्यालय या अस्पताल से जारी नहीं हुआ था।

सही मृत्यु प्रमाण पत्र

वसीम अहमद के कोई संतान नहीं होने के कारण उनके छोटे भाई नसीम अख्तर ने नगर निगम अलीगढ़ में सही तरीके से मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। सभी दस्तावेज़ों की जांच और फील्ड रिपोर्ट के बाद 24 नवंबर 2022 को प्रमाण पत्र जारी हुआ।

दूसरा फर्जीवाड़ा

लेकिन, आरोप है कि 13 मार्च 2023 को फराह बानो और मुस्तजाब मलिक ने नसीम द्वारा लगाए गए आवेदन की फाइल नगर निगम से फर्जी तरीके से निकलवाई और अपने नाम से बतौर पत्नी आवेदन कर दूसरा मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। इस प्रक्रिया में नगर निगम के कुछ कर्मचारी भी शामिल थे, जिन्होंने बिना परिवार को सूचित किए नसीम द्वारा जारी किया गया सही प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया।

जांच और आगे की कार्रवाई

वहीं इस मामले में मुख्यमंत्री स्तर से कराई गई जांच में पूरी सच्चाई सामने आई। इंस्पेक्टर सिविल लाइन विनोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें बिहार विधानसभा शीतकालीन सत्र शुरू : पेपरलेस विधानसभा में विधायकों ने ली शपथ

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button