
Weather Forecast : दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। कहीं पर घना कोहरा और ठंड कहीं बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है दो दिनों की तेज धूप के बाद शुक्रवार की सुबह कोहरा व ठंड लौट आई। मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक कोहरे और न्यूनतम तापमान में गिरावट की उम्मीद जताई है। 23 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया जो 25 जनवरी तक 9 डिग्री तक गिर सकता है। 26-28 जनवरी तक घना कोहरा छाया रहेगा जिससे अधिकतम तापमान बीस डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तक आ सकता है।
कोहरे का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग ने यहां येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोहरे के चलते यातायात प्रभावित हो रहा है और ट्रेनें देरी से चल रही हैं। राजस्थान के तीन जिलों- बारां, कौराली और धौलपुर में भी घने कोहरे का असर देखने को मिला है। बिहार में 11 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी है जिनमें बक्सर, भोजपुर, रोहतास और गया शामिल हैं सुबह के समय विजिबिलिटी कम होने से यातायात में बाधा आ रही है।
बादल छाए रहने की संभावना
वहीं झारखंड में ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में 12 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। 24 जनवरी तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा लेकिन 25 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। उत्तरी और मध्य झारखंड के कुछ क्षेत्रो में बादल छाए रहने की संभावना है।
हरियाणा के कुछ जिलों में आज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम और बाकी जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी जिससे ठंड और बढ़ेगी।
मौसम का मिजाज बदला
तमिलनाडु व केरल में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तूतुकुड़ी, तेन्कासी और कन्याकुमारी जिलों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी है। कोमोरिन क्षेत्र और मन्नार की खाड़ी में तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। बाताया जा रहा है कि अगले दो दिनों तक हवा की गति 35-45 किमी/घंटा तक रह सकती है।
बर्फबारी हो सकती है
वहीं जम्मू-कश्मीर में घाटी क्षेत्रों में हिमपात जारी है। श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम में तापमान माइनस में बना हुआ है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री जबकि कटरा और बटोत में दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 24 से 28 जनवरी तक शुष्क मौसम की संभावना जताई है। 29-31 जनवरी के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
यह भी पढ़ें : PM मोदी ने पराक्रम दिवस पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को अर्पित की श्रद्धांजलि, कही ये बात
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप