
Lok Sabha Election 2024: सभी पार्टियां लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। सभी पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व अपने-अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। बैठक के बाद अखिलेश ने मीडिया से बात की और बैठक की जानकारी दी।
‘मतदाता सूची पर नजर रखें कार्यकर्ता’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आज (11 जनवरी) लखनऊ में विधानसभा अध्यक्षों के साथ चर्चा की। अखिलेश यादव ने कहा कि कोई मतदाता छूट न जाए इसके लिए सपा मतदाता सूची पर नजर रखेगी। उन्होंने I.N.D.I. गठबंधन में सीट शेयरिंग पर भी बात की। उन्होंने बताया की सीट शेयरिंग पर कांग्रेस के साथ बात कर ली गई है और बहुत अच्छे माहौल में चर्चा हुई है। जल्द ही इसकी जानकारी दी जाएगी।
भाजपा से परेशान है जनता- अखिलेश
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता मंहगाई, बेरोजगारी से परेशान है। भाजपा की सरकार में बेरोजगारी में वृद्धि हुई है। हर घर में बेरोजगार बैठे हैं। भाजपा ने देश में मंहगाई बढ़ाई है। अखिलेश ने भाजपा पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार क्राइम बढ़ रहा है और सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति सिर्फ एक नारा बनकर रह गई है। उन्होंने दावा किया कि अब जनता बदलाव चाहती है। जनता भाजपा को हटाने के लिए तैयार है।
अखिलेश का आरोप- लोगों की जमीनें हड़प रही BJP
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता, कार्यकर्ता और अधिकारी मिलकर लोगों की जमीनों को हड़पने का काम कर रहे हैं। जनता ने किसी भी सरकार में इतनी लूट नहीं देखी होगी जितनी भाजपा सरकार में हो रही है। बीजेपी के नेता लोगों को डरा-धमका कर जमीनें छीन रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024:चुनाव की तैयारियों में जुटी BJP,यूपी में नेताओं संग की बैठक
Follow us on: https://twitter.com/HindiKhabar