धरती पर बोझ हैं I.N.D.I.A. गठबंधन के नेता, चांद पर भेज दोः हिमंत

हिमंत बिस्वा सरमा।
असम के मुख्यमंत्री हमेशा अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। इस बार भी उन्होंने I.N.D.I.A. गठबंधन पर ऐसा ही एक बयान दिया है। पटना(PATNA) में बीजेपी मंत्री ऋतुराज सिन्हा के घर पर प्रेस कांफ्रेंस करते हुए उन्होंने कहा कि I.N.D.I.A. गठबंधन के नेताओं को चांद पर भेज दिया जाए… सारा झंझट खत्म हो जाएगा। वो धरती पर बोझ हैं। इसके लिए इसरो से संयंत्र बनाने को कहेंगे। दरअसल पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि I.N.D.I.A. गठबंधन कितना मजबूत है।
‘…तो डर के मारे नहीं बोलेंगे प्रोफेसर चंद्रशेखर’
उनसे जब बिहार के शिक्षा मंत्री द्वारा रामचरितमानस पर दिए गए विवादित बयान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यदि उन्हें मुस्लिम और अन्य धर्म पर ऐसा बयान देने को कहा जाए तो वह क्या करेंगे। वो डर के मारे नहीं बोलेंगे।
‘राजनीतिक पार्टियों के चलते खतरे में है सनातन का अस्तित्व’
उन्होंने कहा कि आज सनातन धर्म का अस्तित्व राजनीतिक पार्टियों के चलते खतरे में है। खासकर कांग्रेस पार्टी सनातन धर्म को समाप्त करने में लगी हुई है। सनातन धर्म जैसा कोई भी धर्म नहीं है।इसमें महिलाओं को समान अधिकार है।
प्रतिक्रियाः चुनाव हारने के बाद समझेंगे किस लोक में पहुंचे
जदयू ने उनके बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा है कि असम सीएम हमेशा उटपटांग बयान देते रहते हैं। ये भूल जाते हैं कि देश में नेता की असली ताकत जनता होती है। वे कहते हैं कि चंद्रमा पर भेज देंगे। आने वाले चुनाव का इंतजार करिए। देश की जनता सत्ता से बेदखल करेगी। इसके बाद इन्हें समझ में आएगा कि आप किस लोक में पहुंच चुके हैं।
ये भी पढ़ेःझंझारपुर में बोले अमित शाह, नीतीश-लालू ने जारी किया फतवा