Uttar Pradesh: PCS अफसर रेप के आरोप में गिरफ्तार

This image is for reference purpose only.
Uttar Pradesh: यूपी से एक गंभीर मामला सामने आया है। प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के एक अधिकारी को शादी का झांसा देकर महिला कर्मचारी से दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी गोपाल प्रसाद कुशवाहा मनरेगा रायबरेली के डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। हालांकि, उन्हें बदायूं पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बदायूं के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओम प्रकाश सिंह का आधिकारिक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि 50 वर्षीय कुशवाहा ने कथित तौर पर कई मौकों पर महिला का यौन शोषण किया था, जब वो 2016 से 2020 तक बदायूं में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के रूप में तैनात था। साथ ही उसने महिला से शादी करने का वादा किया था।
जिस दौरान ये सब हुआ, पीड़िता बदायूं बीडीओ कार्यालय में चौथी श्रेणी की कर्मचारी थी। पीड़िता ने पिछले साल दिसंबर में राज्य महिला आयोग में कुशवाहा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
आयुक्त के निर्देश पर एसपी बदायूं ने आरोपों की जांच के आदेश दिए थे। जांच करने वाले क्षेत्राधिकारी बदायूं सिटी अशोक मिश्रा ने बताया कि कुशवाहा के खिलाफ जनवरी में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।
मिश्रा ने कहा कि आरोपी अधिकारी ने पीड़िता को ये नहीं बताया कि वो शादीशुदा है। महिला ने ये भी आरोप लगाया कि बदायूं से शाहजहांपुर ट्रांसफर होने के बाद भी कुशवाहा ने उसका यौन शोषण जारी रखा।
बदायूं पुलिस के सूत्रों ने कहा कि पीड़िता ने प्राथमिकी में दो अन्य लोगों का भी नाम लिया है और उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। वे आरोपी अधिकारी के सहयोगी हैं और कथित तौर पर महिला को धमकाते थे। मामला सामने आने के बाद, पुलिस कुशवाहा के बैंक खातों को भी खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें: Uttar Pradesh के इस जिले में मिला खली का हमशक्ल, खली से भी एक सेंटीमीटर लम्बा