बड़ी ख़बरयूटिलिटी न्यूजराष्ट्रीय

1 सितंबर से बदल जाएंगे कई बड़े नियम, LPG से कार और दूध तक पड़ेगा असर, डिटेल में पढ़ें

1 सितंबर 2026 से देश में कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी होंगी, जबकि Tata और Hyundai की कारें महंगी होंगी। मुंबई में तबेला दूध के दाम बढ़ेंगे। विदेश जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास स्टांप से राहत मिल सकती है। वहीं LPG e-KYC के लिए 31 अगस्त अंतिम मौका है।

September New Rules 2026 : हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी करती हैं। 1 सितंबर 2026 को भी घरेलू और कमर्शियल गैस के दामों में बदलाव हो सकता है। अगस्त में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 202 रुपये की कटौती हुई थी, जबकि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रहे थे।

LPG e-KYC की डेडलाइन 31 अगस्त

LPG उपभोक्ताओं के लिए e-KYC भी महत्वपूर्ण है। IOCL, BPCL और HPCL ने e-KYC पूरा करने की समयसीमा बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी थी। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें समयसीमा से पहले इसे पूरा करना चाहिए। नियमों के अनुसार, देरी होने पर सिलेंडर की आपूर्ति या कीमत से जुड़ी परेशानी हो सकती है।

Tata और Hyundai की कारें होंगी महंगी

सितंबर की शुरुआत कार खरीदने वालों के लिए भी झटका लेकर आ सकती है। Tata Motors Passenger Vehicles Limited ने 1 सितंबर से अपनी कारों और SUV की कीमतों में 25,000 रुपये तक बढ़ोतरी का ऐलान किया है। वहीं Hyundai Motor India भी इस साल तीसरी बार अपने वाहनों के दाम बढ़ाने जा रही है।

मुंबई में दूध के दाम बढ़ेंगे

मुंबई में 1 सितंबर से तबेला दूध की कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने वाली है। इसके बाद 93 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला दूध 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। दूध कारोबारियों के मुताबिक, पशुओं की देखभाल, चारे और पशु आहार की बढ़ती लागत को कीमत बढ़ाने की प्रमुख वजह बताया गया है।

विदेश यात्रा करने वालों के लिए राहत

1 सितंबर से विदेश जाने वाले भारतीय यात्रियों के इमिग्रेशन प्रोसेस में भी बदलाव की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टांप लगवाने की जरूरत नहीं होगी। इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास मोबाइल पर या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

आम बजट पर पड़ेगा सीधा असर

सितंबर की शुरुआत में होने वाले ये बदलाव अलग-अलग तरह से लोगों की जेब और रोजमर्रा की जरूरतों को प्रभावित कर सकते हैं। LPG की नई कीमतों, वाहन कीमतों और मुंबई में दूध के दामों पर नजर रहेगी, जबकि विदेश यात्रा करने वालों के लिए इमिग्रेशन से जुड़ा बदलाव प्रक्रिया को आसान बना सकता है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली के शाहबाद डेयरी में युवती की संदिग्ध मौत, पति की तलाश में पुलिस की छापेमारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button