IIT Bombay Student Death : IIT बॉम्बे के हॉस्टल में एनर्जी साइंस विभाग के 20 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में पवई पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह FIR साहिल के पिता रविंद्र चक्रधर वाकोडे की शिकायत के आधार पर 19 सितंबर 2026 को दर्ज की गई.
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं 3(1)(r) और 3(1)(s) भी लगाई गई हैं.
फैकल्टी टीचर समेत अधिकारियों पर शिकायत
FIR में फैकल्टी टीचर सूर्यनारायण डुल्ला, उनके वरिष्ठ अधिकारियों और IIT से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है.
साहिल के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा यवतमाल में 12वीं तक पढ़ा था. इसके बाद साल 2024-25 में उसका चयन IIT बॉम्बे के पवई कैंपस में एनर्जी साइंस विभाग में हुआ. वह दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल में रह रहा था.
पिता ने लगाए मानसिक उत्पीड़न के आरोप
शिकायत के मुताबिक, साहिल ने कुछ समय पहले अपने पिता को बताया था कि पिछले करीब तीन महीनों से फैकल्टी टीचर सूर्यनारायण डुल्ला कथित तौर पर उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे.
पिता के अनुसार, साहिल ने यह भी बताया था कि उसकी जाति को लेकर उसे परेशान किया जा रहा है और किसी झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है. इसके बाद परिवार ने उसे मानसिक रूप से मजबूत रहने और पढ़ाई जारी रखने के लिए समझाया था.
IIT से फोन के बाद परिवार को मिली जानकारी
FIR के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे साहिल की मां को IIT बॉम्बे से फोन आया और परिवार को तुरंत हॉस्टल पहुंचने के लिए कहा गया. इसके बाद पवई पुलिस ने भी परिवार को फोन कर साहिल की आत्महत्या की जानकारी दी. इसके बाद परिवार 19 सितंबर की सुबह यवतमाल से मुंबई पहुंचा और पवई पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच
साहिल के पिता ने आरोप लगाया है कि फैकल्टी प्रोफेसर सूर्यनारायण डुल्ला के कथित मानसिक उत्पीड़न के कारण उनका बेटा यह कदम उठाने को मजबूर हुआ.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई है. जांच में पुलिस आरोपों की सत्यता, संबंधित लोगों की भूमिका और आत्महत्या से पहले साहिल की परिस्थितियों की पड़ताल करेगी.
ये भी पढ़ें- Spam Calls से मिलेगी राहत, TRAI ने बदले नियम, AI से होगी संदिग्ध नंबरों की पहचान, नंबर होंगे बंद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









