Uttarakhandबड़ी ख़बर

Uttarakhand: अचानक आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे सीएम धामी, बाढ़ और भूस्खलन का लिया अपडेट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने तीन दिवसीय दिल्ली दौरे से उत्तराखंड लौट आए हैं। बता दें कि आज यानि मंगलवार 22 अगस्त को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों से प्रदेश में आई आपदा को लेकर जानकारी ली।

मुख्यमंत्री दिए अधिकारियो को ये निर्देश

आपको बता दें कि भारी बारिश के चलते उत्तराखंड के कई हिस्सों में आपदा जैसे हालात बने हुए हैं, बीते रविवार को गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के पास बस खाई में गिरने से बड़ा हादसा हुआ था और उसके बाद टिहरी जिले के चंबा में भी लैंडस्लाइड से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई थी, इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के चलते बड़ा नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने सब घटनाओं की जानकारी ली और सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में जहां-जहां आपदा के हालात बने हैं वहां तत्काल राहत पहुंचाई जाए।

आपदा से 1000 करोड़ का नुकसान

मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रदेश में बहुत लोग प्रभावित हुए हैं। कुछ लोगों ने अपने परिवार के लोगों को खोया है। काफी लोग बेघर हुए हैं। ऐसे लोगों के लिए जल्द ही एक योजना लाई जा रही है। बेघर हुए लोगों को पुनर्वास की व्यवस्था, उनके रोजगार के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी।

जिन बच्चों ने इस आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया है, उन बच्चों के लिए शिक्षा का इस योजना के तहत प्रबंध किया जायेगा। अतिवृष्टि के कारण प्रदेश में आपदा की स्थिति है। सड़कों, पुलों, मकानों, फसलों, बिजली एवं पानी की लाईनों का भी काफी नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि राज्य में अतिवृष्टि से एक हजार करोड़ से भी अधिक की परिसम्पति का प्रदेश को नुकसान हुआ है। भारत सरकार की टीम ने राज्य में हो रहे नुकसान का प्रारंभिक रूप में सर्वे भी किया है। आपदा से हो रहे नुकसान का आकलन करने के लिए राज्य सरकार से भी भारत सरकार को पत्र भेजा रहा है।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, सचिव श्री शैलेश बगोली, सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत सिन्हा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव श्री सविन बंसल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें: इंडिगो फ्लाइट में एक यात्री को आया हार्ट अटैक, नागपुर एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग

Related Articles

Back to top button