Other States

IIT बॉम्बे में छात्र की मौत के बाद मचा हंगामा, कैंपस में प्रदर्शन जारी, नकल विवाद की जांच तेज

IIT Bombay Protest : मुंबई के पवई स्थित IIT बॉम्बे में B.Tech छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के बाद कैंपस में तनाव की स्थिति बनी हुई है. शनिवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से जवाब मांगा. छात्र की मौत के बाद परिसर में कुछ समय के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, साहिल वाकोडे परीक्षा से जुड़े एक मामले को लेकर चर्चा में आया था. बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान कथित तौर पर कॉपी करने को लेकर उससे पूछताछ की गई थी. इसके बाद वह अपने हॉस्टल के कमरे में चला गया, जहां शाम को उसकी मौत की जानकारी सामने आई.

ChatGPT पर प्रश्न पत्र अपलोड करने का मामला

IIT बॉम्बे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, साहिल ने परीक्षा का प्रश्न पत्र ChatGPT पर अपलोड किया था. हालांकि, संस्थान ने साफ किया है कि इस मामले में छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी.

IIT बॉम्बे के मुताबिक, संबंधित शिक्षक और विभागाध्यक्ष ने छात्र से बातचीत की थी और उसकी काउंसलिंग भी की गई थी. छात्र को यह भरोसा दिलाया गया था कि इस घटना का उसके शैक्षणिक भविष्य पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा. इसके बाद साहिल अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया. देर शाम वह कमरे में मृत अवस्था में मिला.

छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ जताई नाराजगी

छात्र की मौत की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी कैंपस में जुट गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया. कई छात्र अभी भी आंदोलन पर बैठे हैं. प्रदर्शन के बीच IIT बॉम्बे के निदेशक प्रो. शिरीष केदारे ने छात्रों से मुलाकात की और उनकी चिंताओं को सुना.

पुलिस जांच में जुटी

मुंबई पुलिस के अनुसार, परीक्षा शाम करीब 4 बजे खत्म हुई थी. इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में गया, जहां बाद में वह फंदे से लटका मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया है.

डीसीपी दत्तात्रेय नलवाडे ने बताया कि छात्र की मौत के बाद कुछ विद्यार्थी एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे. पुलिस और IIT प्रशासन की ओर से छात्रों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है. मामले की जांच जारी है. आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह और परीक्षा से जुड़े विवाद का संबंध जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

सात महीने में तीसरी घटना

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सात महीनों में IIT बॉम्बे कैंपस में आत्महत्या का यह तीसरा मामला है. फरवरी 2026 में हॉस्टल-4 में सेकेंड ईयर के एक छात्र ने आत्महत्या की थी. वहीं जुलाई 2026 में भी हॉस्टल-4 में 20 वर्षीय B.Tech सेकेंड ईयर के छात्र ने जान दे दी थी.

IIT बॉम्बे ने छात्र की मौत पर दुख जताते हुए कहा है कि प्रभावित छात्रों, दोस्तों, सहपाठियों और शिक्षकों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. संस्थान में छात्रों के मानसिक तनाव को दूर करने के लिए स्टूडेंट वेलनेस सेंटर (SWC) भी संचालित है.

ये भी पढ़ें – ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 240वें दिन पंजाब पुलिस ने 526 स्थानों पर की छापेमारी, 265 व्यक्ति गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button