
Udaipur Gangrape Case : राजस्थान के उदयपुर से सामने आए गैंगरेप मामले ने सबको झकझोर कर रख दिया है। भरोसे और इंसानियत पर सवाल हर तरफ चर्चा में है। इस बीच गैंगरेप की पीड़िता जो कि IT कंपनी की मैनेजर है, द्वारा दर्ज कराई गई FIR की कॉपी सामने आई है, जिसमें तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाया गया है। आरोपियों में जिस तीन लोगों का नाम सामने आया है उसमें कंपनी के CEO जितेश सिसोदिया, महिला एग्जीक्यूटिव हेड शिल्पा और उसका पति गौरव शामिल हैं।
पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में जो बातें सामने आई है वो चौंका देने वाली है। आरोप है कि राजस्थान के उदयपुर में 20 दिसंबर की रात एक होटल में कंपनी के सीईओ का बर्थडे पार्टी आयोजित किया गया था। अपने कंपनी मालिक की खुशियों में शामिल होने के लिए पीड़िता रात करीब 9 बजे होटल पहुंची। उस वक्त वहां कंपनी के सीनियर और कई कर्मचारी मौजूद थे। पार्टी को बंद होते-होते करीब रात के डेढ़ बज गए। इस दौरान पार्टी में मौजूद लोगों ने शराब भी पी।
पार्टी के दौरान अर्धबेहोशी की स्थिति में थी पीड़िता
पीड़िता के अनुसार, पार्टी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी और वह अर्धबेहोशी की स्थिति में आ गई। इसी दौरान महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने उसे आफ्टर पार्टी के लिए साथ चलने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद महिला को एक कार में बैठाया गया, जिसमें पहले से CEO और महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति मौजूद था।
बेहोशी के बाद दुराचार
कार में बैठने के बाद आरोपियों ने रास्ते में स्मोकिंग सामग्री खरीदी और महिला को भी स्मोकिंग करने के लिए मजबूर किया। महिला के अनुसार, स्मोकिंग के बाद वह पूरी तरह से बेहोश हो गई और जब उसे होश आया तो उसने खुद को असहज स्थिति में पाया। FIR में दर्ज आरोपों के अनुसार, CEO ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और इसके बाद महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया। इसके बाद आरोपियों ने सुबह करीब 5 बजे उसे उसके घर छोड़ दिया।
डैशकैम फुटेज में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना
जब महिला होश में आई, तो उसने पाया कि उसके एक कान की ईयरिंग, मोजे और अंडरगारमेंट्स गायब थे, और उसके प्राइवेट पार्ट्स पर घाव थे। घटना के बाद महिला ने कार के डैशकैम की जांच की, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। FIR में दर्ज जानकारी के अनुसार, डैशकैम में CEO, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति की हरकतें साफ तौर पर कैद हो गई थीं, जिनका वीडियो पुलिस को सौंपा गया।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी
बता दें कि पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और FIR में दर्ज तथ्यों, मेडिकल रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और डैशकैम फुटेज की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस घिनौनी घटना के लिए उन्हें सजा दिलाई जा सके।
सुरक्षा और महिलाओं के अधिकारों पर सवाल
यह घटना न केवल एक महिला के साथ हुई अमानवीय वारदात को उजागर करती है, बल्कि यह समाज में महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों पर भी गंभीर सवाल उठाती है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है, लेकिन यह घटना इस बात को भी दर्शाती है कि महिलाओं को हर जगह सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए। समाज और सरकार को मिलकर इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने होंगे।
यह भी पढ़ें – युद्ध नशों विरुद्ध’ के 300वें दिन 2.8 किलोग्राम हेरोइन सहित 84 नशा तस्कर गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









