
Sukhbir Badal Attack : महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर निहंग द्वारा किए गए हमले के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि हमलावरों का मकसद पंजाब की शांति को भंग करना है, जिसे अकाली दल के अध्यक्ष के रूप में वह कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
‘मेरे पिता ने भी पंजाब की शांति भंग नहीं होने दी’
सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ‘उनका मकसद पंजाब की शांति को भंग करना है, जिसे अकाली दल के अध्यक्ष के रूप में मैं कभी बर्दाश्त नहीं करूंगा। मेरे पिता ने भी ऐसा नहीं होने दिया था।’
‘दोनों बार सबसे पवित्र स्थानों पर मुझ पर हमला हुआ’
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘दोनों बार उन्होंने मुझ पर सबसे पवित्र स्थानों पर हमला किया, पहली बार स्वर्ण मंदिर में और दूसरी बार तख्त हजूर साहिब में। न तो मैं डरता हूं, न ही कभी डरा हूं।’ उन्होंने कहा कि वह केवल इतना कहना चाहते हैं कि शिरोमणि अकाली दल सांप्रदायिक सद्भावना और भाईचारे के लिए प्रतिबद्ध है।
‘जिसके सिर पर गुरु साहिब का हाथ हो, उसे कोई आंच नहीं आती’
सुखबीर सिंह बादल ने अपने बयान में कहा, ‘जिसके सिर पर गुरु साहिब का हाथ हो, उसे कोई आंच नहीं आती। जितना मर्जी जोर लगा लो, सब परमात्मा के हाथ में होता है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का धन्यवाद करता हूं कि उनकी धरती पर आए हैं। देश और पंजाब में अमन-शांति के दुश्मनों ने बड़ी कोशिश की, पर गुरु गोविंद सिंह महाराज ने बचा लिया।’
‘पंजाब के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है अकाली दल’
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब के लिए हर कुर्बानी देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि उनके लिए पंजाब और देश की तरक्की सबसे पहले है और भाईचारा उनकी प्राथमिकता है।
नांदेड़ के गुरुद्वारे में निहंग ने कृपाण से किया था हमला
शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार (13 अगस्त) को महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में निहंग ने कृपाण से हमला किया था। पुलिस ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके दाहिने हाथ में दो-तीन टांके लगाए गए।
हमलावर जसपाल सिंह गिरफ्तार, गुरुद्वारे में सेवादार के रूप में कर रहा था काम
पुलिस के अनुसार, हमलावर की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सिंह की उम्र 60 से 62 वर्ष के बीच है और वह गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में सेवादार या स्वयंसेवी के रूप में काम कर रहा था।
ये भी पढ़ें – असम में बाढ़ पीड़ितों का दर्द बांटने पहुंचे सिंगर पापोन ,कहा-हालात सामान्य होने में लगेंगे महीनों
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







