UP Trade Show : ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के तीसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश के विकास और आर्थिक बदलाव को लेकर बड़ा बयान दिया, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई यात्रा तय की है.
पीयूष गोयल ने कहा कि आज प्रदेश की सकारात्मक सोच, उद्यमियों का आत्मविश्वास और विकास के प्रति प्रतिबद्धता उसकी नई पहचान बन चुकी है, उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास की चर्चा अब देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में भी हो रही है.
UPITS के विशेष बिजनेस सेशन “लीवरेजिंग इंडियाज फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स फॉर ग्लोबल बिजनेस ग्रोथ” में शामिल हुए पीयूष गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बने एक्सप्रेसवे, नए एयरपोर्ट, बड़े औद्योगिक पार्क और डिफेंस, सेमीकंडक्टर व इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश बदलते प्रदेश की तस्वीर दिखा रहे हैं, उन्होंने कहा कि नोएडा के पास तेजी से विकसित हो रही रोबोटिक्स फैक्ट्री इसका उदाहरण है कि उत्तर प्रदेश अब आधुनिक तकनीक वाले क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना रहा है.
5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्थानीय ब्रांड और उत्पाद अब दुनिया के बाजारों में पहचान बना रहे हैं, उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्यात को वर्ष 2030 तक पांच लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, उन्होंने व्यापार और उद्योग जगत से जुड़े लोगों से अपील की कि वे वैश्विक बाजार के अवसरों को पहचानें और उत्तर प्रदेश की आर्थिक यात्रा को आगे बढ़ाने में योगदान दें.
2017 से पहले के माहौल का किया जिक्र
पीयूष गोयल ने वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश के हालात का भी उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि उस समय कानून-व्यवस्था और कारोबारी माहौल को लेकर उद्यमियों में चिंता थी. बड़े उद्योगों और अंतरराष्ट्रीय निवेश को लेकर विश्वास का माहौल नहीं था, उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अन्य समस्याओं के कारण व्यापार जगत में निराशा का वातावरण था और प्रदेश को पिछड़े राज्यों में देखा जाता था.
ईमानदार व्यवस्था से बढ़ा राजस्व
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बेहतर प्रशासन और नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश के राजस्व संग्रह में सुधार हुआ है, उन्होंने आबकारी, भूमि हस्तांतरण, रजिस्ट्रेशन फीस, स्टांप ड्यूटी और खनन जैसे क्षेत्रों में बढ़े राजस्व का जिक्र किया, उन्होंने कहा कि बेहतर राजस्व संग्रह के कारण सरकार को सड़क, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं.
UPITS ग्लोबल मार्केट से जुड़ने का मंच
पीयूष गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो केवल व्यापार मेला नहीं, बल्कि प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का बड़ा माध्यम है, उन्होंने कहा कि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स के जरिए भारतीय उत्पादों के लिए दुनिया के कई बाजार खुले हैं. उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को गुणवत्ता, नवाचार और प्रतिस्पर्धा बढ़ाकर इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए.
इस अवसर पर प्रदेश के MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- Trade Show 2026 : जेन अल्फा के हाथों में ‘दुनिया की कमान’, ट्रेड शो में बच्चों ने संभाला ग्लोबल लीडर्स का रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









