राष्ट्रीय

Bank Strike 2026 : आज ही निपटा लें बैंक का काम, अगले 3 दिन बंद रहेंगे Bank, डिटेल में पढ़ें

Bank Strike : बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और छुट्टियों के कारण बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। रविवार को सरकारी बैंक खुले रहे, ताकि ग्राहक जरूरी काम निपटा सकें। इसके बाद तीन दिन तक बैंक बंद रहने की संभावना है। यूनियनें हफ्ते में पांच दिन काम की मांग को लेकर विरोध कर रही हैं, जबकि सरकार से सहमति नहीं बन पाई है।

Bank Strike : बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। रविवार की छुट्टी होने के बावजूद सरकारी बैंक खुले रहे, जिससे लोग अपने लंबित बैंकिंग काम पूरे कर सकें। इसके बाद सोमवार से बुधवार तक बैंक बंद रहने की स्थिति बन सकती है।

10 साल बाद रविवार को खुले बैंक

आम ग्राहकों के लिए रविवार को बैंक खुलने का मौका करीब 10 साल बाद आया है। इससे पहले साल 2016 में नोटबंदी के दौरान रविवार के दिन बैंक खोले गए थे। उस समय 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बदलने, जमा करने और नकद निकासी के लिए बड़ी संख्या में लोग बैंक पहुंचे थे। भीड़ को संभालने के लिए सरकार ने रविवार को बैंकिंग सेवाएं जारी रखने का फैसला लिया था।

बैंक यूनियनों की तीन दिन की हड़ताल

बैंक कर्मचारियों की कई यूनियनें हफ्ते में पांच दिन काम करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। यूनियनों की ओर से प्रस्तावित हड़ताल में देश की प्रमुख बैंक यूनियनें शामिल हैं। इसमें AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC जैसी यूनियनें शामिल हैं। इन संगठनों से बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी जुड़े हुए हैं।

5-डे वर्किंग की मांग पर विवाद

बैंक यूनियनों का कहना है कि जब तक सरकार हफ्ते में पांच दिन काम लागू करने की निश्चित तारीख घोषित नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकारी पक्ष का कहना है कि पांच दिन काम करने की व्यवस्था को लेकर कोई आधिकारिक वादा नहीं किया गया था और वेतन संशोधन वार्ता में भी इस मुद्दे पर सहमति नहीं बनी थी।

ATM से कैश निकालने पर राहत

हड़ताल के दौरान SBI, PNB समेत सरकारी बैंकों के ATM से कैश निकालने पर अतिरिक्त चार्ज नहीं लगेगा, भले ही ग्राहक की फ्री ट्रांजेक्शन लिमिट खत्म हो गई हो। RBI के नियमों के अनुसार ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने पांच बार मुफ्त निकासी कर सकते हैं। वहीं दूसरे बैंक के ATM से मेट्रो शहरों में तीन और छोटे शहरों में पांच मुफ्त ट्रांजेक्शन की सुविधा मिलती है। सीमा पार होने के बाद ATM निकासी पर ₹23 प्लस GST शुल्क लिया जाता है।

बोनस नियमों को लेकर भी मतभेद

हफ्ते में पांच दिन काम के अलावा बैंक अधिकारियों के लिए लागू बोनस यानी PLI नियमों को लेकर भी विवाद जारी है। नए नियमों के तहत कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन के आधार पर इंसेंटिव मिलने का प्रावधान है। बैंक यूनियनें इस बदलाव का भी विरोध कर रही हैं।

ये भी पढ़ें- Kedarnath Yatra 2026 : केदारनाथ यात्रा मार्ग पर संकट, लैंडस्लाइड से 4 हजार श्रद्धालु फंसे, कई राज्यों में भारी बारिश का कहर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button