US Iran Conflict : मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बेहद गंभीर स्थिति में पहुंच गया है. अमेरिकी सेना ने मंगलवार देर रात ईरान के खिलाफ नए हमले किए. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, इन हमलों में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया.
अमेरिका ने इन कार्रवाई को होर्मुज जलडमरूमध्य में कमर्शियल जहाजों और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैनिकों पर हुए हालिया हमलों का जवाब बताया है. बाद में सेंट्रल कमांड ने कहा कि ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमलों का एक पूरा दौर समाप्त हो गया है.
IRGC के कई ठिकाने निशाने पर
अमेरिकी हमलों में IRGC की एयर डिफेंस साइट्स, रडार सिस्टम, समुद्री सुविधाओं और एसेट्स के अलावा माइन बिछाने की क्षमता तथा कम्युनिकेशन साइट्स को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी दी गई है. अमेरिका की इस कार्रवाई के तुरंत बाद ईरान ने भी जवाबी हमला शुरू कर दिया.
ईरान ने मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए. इन हमलों का असर आसपास के देशों में भी दिखाई दिया, जहां सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट कर दिया गया.
जॉर्डन में 10 बैलिस्टिक मिसाइलें रोकी गईं
वहीं, जॉर्डन के मफराक और अकाबा प्रांतों में चेतावनी वाले सायरन बजाए गए. जॉर्डन की सेना के अनुसार, ईरान की ओर से देश के हवाई क्षेत्र में 13 बैलिस्टिक मिसाइलें दाखिल हुईं. इनमें से 10 को एयर डिफेंस सिस्टम ने सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया, जबकि तीन मिसाइलें आबादी से दूर सुनसान इलाकों में गिरीं. सेना ने कहा कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
कुवैत और बहरीन भी अलर्ट
ईरानी हमलों के बीच कुवैत और बहरीन ने भी ड्रोन गतिविधियों की जानकारी दी है. दोनों देशों ने ईरान की ओर से आने वाले ड्रोन को रोकने के लिए अपने एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किए. ईरान उन देशों में सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है जहां अमेरिकी सेना की मौजूदगी है. बहरीन में अमेरिका की पांचवीं फ्लीट का मुख्यालय भी स्थित है.
ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









