विदेश

ईरान ने इजरायल के लिए जासूसी के दोषी को दी फांसी, मिसाइल ठिकानों की जानकारी लीक करने का आरोप

Iran News : ईरान ने इजरायल को संवेदनशील सैन्य जानकारी देने के दोषी पाए गए एक व्यक्ति को फांसी दे दी है. ईरानी न्यायपालिका की वेबसाइट के अनुसार, होसैन पदरान पर इजरायल के लिए जासूसी करने और खुफिया जानकारी साझा करने के आरोप लगाए गए थे.

ईरानी अधिकारियों का आरोप था कि पदरान ने इस्फहान प्रांत में मौजूद संवेदनशील सैन्य ठिकानों से जुड़ी जानकारी इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद तक पहुंचाई थी.

सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा था फैसला

ईरानी न्यायपालिका के मुताबिक, होसैन पदरान को गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. निचली अदालत ने उसे दोषी ठहराया था, जिसके बाद मामले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई. सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पदरान को फांसी दे दी गई.

विदेशी एजेंसियों को जानकारी देने का आरोप

वहीं, ईरानी न्यायपालिका का दावा है कि पदरान ने इस्फहान प्रांत के सैन्य ठिकानों से जुड़ी गोपनीय जानकारी विदेशी खुफिया एजेंसियों को भेजी थी. इसमें अमेरिका और इजरायल की खुफिया एजेंसियों का नाम शामिल किया गया है.

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान इस प्रक्रिया से आर्थिक लाभ मिलने की बात स्वीकार की थी. हालांकि, ये दावे ईरानी न्यायपालिका की ओर से किए गए हैं.

12 दिन के युद्ध के बाद जांच में सामने आया नाम

ईरानी न्यायपालिका के मुताबिक, 12 दिन तक चले युद्ध के दौरान ईरान के कई संवेदनशील सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था. ईरान का आरोप है कि इन हमलों में कुछ स्थानीय लोगों या भाड़े के लोगों ने विदेशी एजेंसियों की मदद की थी.

अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान ऐसे लोगों की पहचान की गई, जो संवेदनशील सूचनाएं विदेशी एजेंसियों तक पहुंचा रहे थे. इसी जांच में होसैन पदरान का नाम सामने आया.

ईरान-इजरायल तनाव के बीच कार्रवाई

ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के बीच यह कार्रवाई सामने आई है. ईरान पहले भी इजरायल के लिए जासूसी करने के आरोपों में लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करता रहा है. इस मामले में भी ईरानी न्यायपालिका ने आरोपी को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में दोषी बताया और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सजा को लागू किया.

ये भी पढ़ें – ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 240वें दिन पंजाब पुलिस ने 526 स्थानों पर की छापेमारी, 265 व्यक्ति गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button