टेक

इंदौर हादसे ने बढ़ाई चिंता, स्मार्ट लॉक की सुरक्षा पर उठे सवाल

Smart Lock Safety : इंदौर में हाल ही में हुए एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर दिया है। एक घर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे कई गैस सिलेंडर फट गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के लोग बाहर नहीं निकल सके। बताया जा रहा है कि बिजली जाने के कारण इलेक्ट्रॉनिक लॉक (डिजिटल ताले) खुल नहीं पाए और 8 लोगों की जान चली गई।

आपात स्थिति में स्मार्ट लॉक बन सकते हैं चुनौती

यह घटना इस बात की ओर इशारा करती है कि इलेक्ट्रॉनिक लॉक जहां सुविधा देते हैं, वहीं आपात स्थिति में खतरा भी बन सकते हैं। ऐसे में घर में स्मार्ट लॉक लगाते समय कुछ जरूरी सावधानियों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित निकास संभव हो सके।

बिजली जाने पर स्वतः खुलने वाले लॉक चुनें

घर के मुख्य दरवाजों के लिए ऐसे लॉक चुनना बेहतर होता है जो बिजली कटने पर अपने आप अनलॉक हो जाएं। कई आधुनिक स्मार्ट लॉक में यह फीचर मौजूद होता है। इसके विपरीत, फेल-सेक्योर लॉक बिजली जाने पर बंद रह जाते हैं, जो इमरजेंसी में समस्या पैदा कर सकते हैं।

मैनुअल चाबी और बैकअप सिस्टम जरूरी

हर स्मार्ट लॉक के साथ एक फिजिकल चाबी (मैनुअल की) होना आवश्यक है। इसे घर के सभी सदस्यों को पता होना चाहिए और आसानी से उपलब्ध भी होना चाहिए। इसके अलावा लॉक को UPS या बैटरी बैकअप से जोड़ना भी एक सुरक्षित विकल्प है, जिससे बिजली जाने पर भी लॉक कुछ समय तक कार्य करता रहे।

फायर अलार्म और इमरजेंसी सिस्टम से जोड़ें

अगर संभव हो तो इलेक्ट्रॉनिक लॉक को फायर अलार्म सिस्टम से जोड़ना चाहिए। आग लगने की स्थिति में अलार्म बजते ही लॉक अपने आप अनलॉक हो सकता है। साथ ही पुश-टू-एग्जिट बटन या ब्रेक ग्लास यूनिट जैसे इमरजेंसी उपाय भी उपयोगी होते हैं, जिनसे तुरंत दरवाजा खोला जा सकता है।

नियमित जांच और मेंटेनेंस जरूरी

इलेक्ट्रॉनिक लॉक की समय-समय पर जांच करना बेहद जरूरी है। हर 3 से 6 महीने में बैटरी, सेंसर और मैनुअल चाबी की कार्यक्षमता जांचनी चाहिए। किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत ठीक कराना चाहिए ताकि आपात स्थिति में कोई दिक्कत न आए।

घर के सदस्यों को दें सुरक्षा की ट्रेनिंग

परिवार के सभी सदस्यों को यह जानकारी होनी चाहिए कि आपात स्थिति में क्या करना है और दरवाजा कैसे खोलना है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से इमरजेंसी एग्जिट और लॉक सिस्टम के बारे में प्रशिक्षित करना चाहिए।

ये भी पढ़ें – बजरंगगढ़ मेले में बड़ा हादसा, तेज हवा से उखड़ा झूला, मासूम गंभीर रूप से घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button