Asian Games 2026 : एशियन गेम्स में भारत ने कबड्डी के दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। महिला टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराया, जबकि पुरुष टीम ने भी ईरान को 40-34 से मात देकर गोल्ड अपने नाम किया। पुरुष टीम ने लगातार 10वें एशियाड में मेडल जीता, वहीं महिला टीम ने लगातार पांचवीं बार पदक हासिल किया।
पुरुष कबड्डी टीम ने ईरान को हराकर जीता गोल्ड
पुरुष कबड्डी फाइनल में भारत और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले हाफ में ईरान ने बढ़त बनाते हुए स्कोर 18-17 रखा। दूसरे हाफ की शुरुआत में भी ईरान का दबदबा रहा, लेकिन भारतीय टीम ने वापसी करते हुए मैच पर पकड़ बनाई। सुमित ने डिफेंस में अहम टैकल किए, जबकि अर्जुन देशवाल ने रेडिंग में लगातार अंक जुटाए। आखिरकार भारत ने 40-34 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
महिला टीम ने भी ईरान को दी मात
महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और दोनों टीमों के बीच लगातार बढ़त बदलती रही। आखिरी पलों में भारतीय डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत सुनिश्चित की।
स्क्वॉश में अनाहत और अभय ने रचा इतिहास
कबड्डी के अलावा स्क्वॉश में भी भारत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई। 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने जापान की वर्ल्ड नंबर-6 खिलाड़ी सातोमी वतनाबे को 3-2 से हराकर महिला सिंगल्स फाइनल में जगह बनाई। वहीं अभय सिंह ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को 3-0 से हराकर पुरुष सिंगल्स के फाइनल में प्रवेश किया। एशियन गेम्स में पहली बार भारत के दो खिलाड़ी सिंगल्स कैटेगरी के फाइनल तक पहुंचे हैं।
एथलेटिक्स में सावन बरवाल ने जीता सिल्वर
पुरुष मैराथन में सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता। एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन स्पर्धा में भारत को करीब 44 साल बाद पदक मिला है। इससे पहले 1982 दिल्ली एशियन गेम्स में भारत ने इस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
शूटिंग में भारतीय टीम को सिल्वर मेडल
महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया। चीन की टीम ने गोल्ड जीता। व्यक्तिगत फाइनल में भी तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद ने जगह बनाई।
हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची
डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने इससे पहले ग्रुप मुकाबलों में इंडोनेशिया, श्रीलंका और दक्षिण कोरिया को हराकर शानदार प्रदर्शन किया था। जापान के खिलाफ जीत भारत की लगातार चौथी जीत रही।
ये भी पढ़ें- संत प्रेमानंदजी महाराज के शिष्य ने की खुदकुशी, चौथी मंजिल से लगाई छलांग, 2 साल पहले ली थी दीक्षा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









