Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अंबाला से अयोध्या के लिए विशेष तीर्थ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अंबाला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इस यात्रा के शुभारंभ पर बधाई और शुभकामनाएं दी।
हरियाणा के लिए ऐतिहासिक और भावुक क्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन पूरे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण है। उन्होंने बताया कि अंबाला की पावन धरा से चल रही यह विशेष तीर्थ ट्रेन केवल एक भौतिक सफर नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक परिवर्तन की यात्रा है।
श्रद्धालु तीर्थ यात्रा से न रहें वंचित
पहली ट्रेन में सात जिलों के 700 बुजुर्ग यात्रियों को शामिल किया गया है, जिनके लिए खानपान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का संकल्प है कि बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालु धन की वजह से तीर्थ यात्रा से वंचित न रहें।
कैलाश मानसरोवर यात्रा योजना
इससे पहले कैथल, करनाल, अंबाला और जींद से भी अयोध्या के लिए बसें रवाना की गई हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय सभ्यता की पलक रही मां सिंधु नदी के दर्शन के लिए स्वर्ण जयंती सिंधु दर्शन योजना चलाई जा रही है। इसके अलावा कैलाश मानसरोवर यात्रा योजना के तहत प्रति तीर्थ यात्री 50 हजार रुपये वार्षिक वित्तीय सहायता और स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना के तहत प्रति तीर्थ यात्री 6 हजार रुपये वित्तीय सहायता दी जाती है।
हरियाणा की श्रद्धा और भक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ट्रेन केवल यात्रियों को लेकर नहीं जा रही, बल्कि हरियाणा की श्रद्धा और भक्ति को अयोध्या तक पहुंचाने का सेतु भी है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह में एक विशेष ट्रेन नांदेड़ साहिब, महाराष्ट्र के लिए भी रवाना की जाएगी।
ये भी पढ़ें- नए भारत को मिला नया तोहफा, PM मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, दिल्ली NCR की दूसरी सबसे बड़ी कनेक्टिविटी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









