विदेश

अमेरिका में बिल्डिंग में घुसा हमलावर, ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप, 2 की मौत

Minneapolis Shooting : अमेरिका के मिनियापोलिस में बुधवार शाम एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में हुई गोलीबारी ने इलाके में दहशत फैला दी. इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि गोली चलाने वाला संदिग्ध भी मारा गया. कार्रवाई के दौरान मिनियापोलिस पुलिस के तीन अधिकारी घायल हुए. इनमें दो अधिकारियों को गोली लगी है. पुलिस के मुताबिक, तीनों अधिकारियों की हालत स्थिर है और उनका इलाज हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर में चल रहा है.

पुलिस सार्जेंट गैरेट पार्टेन के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे के बाद बिल्डिंग में फायरिंग की सूचना 911 पर मिली थी. लगभग तीन मिनट के भीतर पुलिस टीम इमारत के अंदर पहुंच गई. वहां अधिकारियों को कुछ लोग घायल अवस्था में मिले. इसी दौरान दोबारा गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पुलिसकर्मी आवाज की दिशा में ऊपरी मंजिलों की ओर बढ़े.

धुंध के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा

सार्जेंट पार्टेन ने बताया कि ऊपरी हिस्से में पुलिस को ऐसी धुंध का सामना करना पड़ा, जिससे सामने देखना बेहद मुश्किल हो गया था. इसी बीच हुई कार्रवाई में दो लोगों की जान चली गई. एक की मौत मौके पर हुई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. संदिग्ध की मौत किस तरह हुई, पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है.

हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर के मुताबिक, घटना के बाद कुल सात मरीज अस्पताल लाए गए.

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई गोलीबारी की कहानी

बिल्डिंग के बाहर मौजूद जूलियस बेली ने बताया कि उसने एक परिचित निवासी को पिस्तौल के साथ देखा था. उसने एक महिला की चीख सुनी और वहां से भाग निकला. बेली के अनुसार, उसने करीब आठ गोलियों की आवाज सुनी थी.

एक अन्य निवासी क्रिस मिलर ने भी लगातार कई गोलियां चलने की बात कही. उसका कहना है कि वह उस व्यक्ति को पहचानता था और उसके बारे में पहले बिल्डिंग मैनेजमेंट को जानकारी दे चुका था.

लॉरिंग पार्क इलाके से दूर रहने की सलाह

घटना के बाद पुलिस ने लोगों को लॉरिंग पार्क इलाके से दूर रहने की सलाह दी. मिनेसोटा के गवर्नर टिम वॉल्ज ने कहा कि राज्य के अधिकारी स्थानीय पुलिस की मदद कर रहे हैं. FBI निदेशक काश पटेल ने भी स्थानीय एजेंसियों को हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही है. पुलिस अब घटना की पूरी कड़ी और संदिग्ध की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button