राष्ट्रीय

FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़, गिरफ्तारी पर 10 लाख डॉलर का इनाम

FBI Most Wanted List : अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है. FBI ने सोमवार को उसे अपनी ’10 मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ की सूची में शामिल कर लिया. अमेरिकी अधिकारियों ने बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख डॉलर (करीब 8 करोड़ रुपये से ज्यादा) तक का इनाम देने का ऐलान किया है. अधिकारियों का मानना है कि गोल्डी बराड़ अभी अमेरिका में ही मौजूद हो सकता है.

गोल्डी बराड़ की तलाश ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के बाद और तेज कर दी गई है. यह अमेरिका और कनाडा के अधिकारियों की अगुवाई में चलाया गया एक अंतरराष्ट्रीय अभियान था. इसका मकसद उत्तरी अमेरिका और दूसरे देशों में सक्रिय भारत से जुड़े आपराधिक संगठनों पर कार्रवाई करना था.

इस ऑपरेशन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग, ढांडा ऑर्गनाइज़्ड क्राइम ग्रुप और भगवानपुरिया गैंग को निशाना बनाया गया. जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान 37 लोगों पर जबरन वसूली, संगठित अपराध और ड्रग तस्करी जैसे आरोप लगाए गए.

FBI ने बताया ‘खतरनाक व्यक्ति

FBI लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर इन चार्ज पैट्रिक ग्रांडी ने कहा कि सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ एक खतरनाक व्यक्ति है, उन्होंने कहा कि FBI और उसके सहयोगी उसे पकड़ने को प्राथमिकता दे रहे हैं.

ग्रांडी के मुताबिक, मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल होने के बाद बराड़ की पहचान दुनियाभर में प्रसारित होगी. उसकी तस्वीर FBI की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखाई जाएगी, ताकि उसे पकड़ने में मदद मिल सके.

कई गंभीर आरोपों में FBI को तलाश

अमेरिकी अधिकारियों ने गोल्डी बराड़ पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अहम सदस्य के रूप में कई गंभीर आरोप लगाए हैं. इनमें संगठित अपराध की साजिश, जबरन वसूली के जरिए कारोबार में दखल और प्रतिबंधित पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोप शामिल हैं.

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, जुलाई में ऑपरेशन हार्ड बॉल की घोषणा तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था या वे हिरासत में थे. इसके बाद FBI और उसके विदेशी सहयोगियों ने चार और आरोपियों को पकड़ा, जबकि एक आरोपी की मौत हो चुकी है. अब एजेंसियां गोल्डी बराड़ समेत पांच अन्य आरोपियों की तलाश कर रही हैं.

ये भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया ‘ठगबंधन’

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button