Punjab

ED कार्रवाई पर पंजाब सरकार का पलटवार, हरभजन सिंह ईटीओ बोले- डराने-धमकाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं

Punjab Politics : पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के परिवार से जुड़ी कार्रवाई की निंदा की और कहा कि जांच कानून के अनुसार होनी चाहिए, लेकिन डर का माहौल नहीं बनाया जा सकता।

Punjab Politics : पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी.) द्वारा की गई छापेमारी की कड़ी निंदा की और जिस तरीके से एजेंसी ने लुधियाना जिले के साहनेवाल में मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भतीजे के घर की तलाशी ली, उस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डर और राजनीतिक डराने-धमकाने का माहौल बनाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग बेहद चिंताजनक है और दावा किया कि पंजाब ऐसी कार्रवाइयों के आगे नहीं झुकेगा।

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि जांच एजेंसियों को कानून के अनुसार जांच करने का कानूनी अधिकार है, लेकिन उनकी कार्रवाइयां निर्वाचित प्रतिनिधियों या उनके परिवारों पर राजनीतिक दबाव बनाने का साधन नहीं बननी चाहिए।

मुंडियां के परिवार के सदस्यों पर दबाव

हरदीप सिंह मुंडियां द्वारा साहनेवाल में उनके भतीजे के घर की तलाशी और महिलाओं व बच्चों को परेशान करने संबंधी आरोपों का हवाला देते हुए उन्होंने अफसोस जताया कि मुंडियां के परिवार के सदस्यों पर दबाव डालना गंभीर चिंता का विषय है, जिसे किसी भी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

जांच के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि परिवार के सदस्यों को राजनीतिक मामलों में घसीटने का प्रयास पूरी तरह आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि स. मुंडियां के परिवार के सदस्यों से उन्हें आम आदमी पार्टी छोड़ने का संदेश पहुंचाने के लिए कहे जाने के आरोप जांच के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

पंजाब के लोगों में लोकतांत्रिक भावना

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि भाजपा पंजाब में लोगों का समर्थन हासिल करने में नाकाम रहने के बाद ई.डी. के माध्यम से डर और दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों में लोकतांत्रिक भावना पूरी तरह मजबूत है और वे हमेशा से उन्हें डराने-धमकाने के प्रयासों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं।

ई.डी. की कार्रवाई से गंभीर राजनीतिक सवाल

उन्होंने कहा, “पंजाब को ई.डी. के छापों या धमकियों के माध्यम से डराया नहीं जा सकता।” उन्होंने कहा कि पंजाबी निडर लोग हैं और पंजाब के निर्वाचित प्रतिनिधि इस तरह दबाव बनाने की चालों के आगे झुकने वाले नहीं हैं। मंत्री ने आगे आरोप लगाया कि ई.डी. की कार्रवाई के समय और तरीके ने गंभीर राजनीतिक सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि गमाडा और अन्य स्थानों पर ई.डी. की तलाशी के साथ-साथ मंत्री के भतीजे के घर की तलाशी ने व्यापक चिंता पैदा की है।

इस्तेमाल के किसी भी प्रयास का डटकर विरोध

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि आम आदमी पार्टी का नेतृत्व कानूनी कार्रवाइयों में सहयोग जारी रखेगा और साथ ही राजनीतिक डराने-धमकाने के लिए जांच एजेंसियों के इस्तेमाल के किसी भी प्रयास का डटकर विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी छापों या धमकियों से नहीं डरेगी और आम नागरिकों के अधिकारों तथा मान-सम्मान से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।

विश्वसनीयता निष्पक्षता, पारदर्शिता और कानून

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग घटनाक्रम को करीब से देख रहे हैं और जायज जांच तथा राजनीतिक दबाव के बीच अंतर करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता निष्पक्षता, पारदर्शिता और कानून के पालन से आती है और किसी भी एजेंसी को अपने कानूनी अधिकार क्षेत्र से बाहर काम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

रिकॉर्ड के आधार पर लोगों का सामना

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार शासन और जनकल्याण पर ध्यान केंद्रित रखेगी तथा अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां निभाती रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपनी कठपुतली एजेंसियों के माध्यम से डर पैदा करने का प्रयास करने के बजाय अपनी नीतियों, प्रदर्शन और सार्वजनिक रिकॉर्ड के आधार पर लोगों का सामना करना चाहिए। “पंजाब के लोगों ने कभी भी डराने-धमकाने की राजनीति को स्वीकार नहीं किया और अब भी स्वीकार नहीं करेंगे।”

उन्होंने कहा कि ई.डी. द्वारा पंजाब राज्य के अधिकारियों को गैर-कानूनी रूप से हिरासत में रखना और उन पर दबाव डालना भी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

ये भी पढ़ें- भगवंत मान सरकार का ‘मिशन रोजगार’ जारी, मुख्यमंत्री ने पंजाब पुलिस में 450 ASI की सीधी भर्ती को दी मंजूरी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button