Ranchi Student Protest: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 17वें दिन भी जारी है. सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा का घेराव करने वाले हैं. इससे पहले आंदोलनकारियों ने अपने साथियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. इसमें सभी छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और पुलिस या किसी भी सुरक्षा बल के साथ झड़प से बचने की अपील की गई है.
छात्रों ने कहा है कि विधानसभा की ओर बढ़ते समय यातायात बाधित न किया जाए और राहगीरों व आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. प्रदर्शन के दौरान सभी से संयम और समझदारी बनाए रखने की अपील की गई है.
एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति पुलिस या सुरक्षा बलों के साथ झड़प या हंगामा करता है तो उसका साथ न दिया जाए. छात्रों को किसी भी तरह की अराजकता से दूर रहने और ऐसी स्थिति सामने आने पर पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है. साथ ही अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील भी की गई है.

सुबह 10 बजे विधानसभा का घेराव
बता दें कि प्रदर्शनकारी छात्र आज सुबह 10 बजे झारखंड विधानसभा का घेराव करने वाले हैं. विधानसभा के आसपास के इलाकों में धारा 163 लागू की गई है. मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है.
सरकार और छात्रों के बीच इस मामले को लेकर तीन दौर की लंबी बातचीत हो चुकी है, लेकिन JSSC CGL परीक्षा और नियुक्तियों को लेकर अब तक सहमति नहीं बन सकी है.
JPSC भंग, सदस्यों ने दिया इस्तीफा
फिलहाल JPSC को भंग किया जा चुका है और इसके तीनों सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है. झारखंड लोक सेवा आयोग की सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य से 10 अगस्त को पूछताछ की जाएगी. वहीं छात्र पूरे मामले की CBI जांच की मांग पर कायम हैं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद छात्रों को पत्र लिखकर भरोसा दिलाने की कोशिश की है. सरकार का दावा है कि छात्रों की 98 फीसदी मांगें मान ली गई हैं. हालांकि, कुछ अहम मुद्दों पर अब भी सहमति नहीं बन पाई है. इसी वजह से छात्र आंदोलन जारी रखते हुए आज विधानसभा घेराव करने जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी राज्य की संभावना से किया इनकार, कहा- जब तक मैं PM हूं, फिलिस्तीनी राज्य नहीं…
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









