Weather Today: दिल्ली एनसीआर समेत यूपी के इन जिलों में होगी बारिश
Weather Today: भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को हल्की बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में आंधी भी देखी जा सकती है। 25 और 26 मार्च की बात करें तो नई दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम और उच्चतम तापमान 18 और 32 था। लखनऊ में आज बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि, दोपहर में लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। वहीं अगर 25 मार्च पर ध्यान दें तो लखनऊ में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ेंगे। गाजियाबाद की बात करें तो आज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। ओलावृष्टि की भी भविष्यवाणी की गई है।
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। आज व्यापक गरज के साथ आंशिक रूप से धूप खिली रहेगी। 25 मार्च को दोपहर में बारिश की प्रबल संभावना है।
26 मार्च को पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 23 मार्च की शाम से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के सुदूर इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम का ये मिजाज 24 मार्च तक बना रह सकता है।
अगले दो दिनों में मध्य भारत के राज्यों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के क्षेत्रों में बारिश या ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, अगर तापमान की बात करें तो मध्य और पश्चिमी भारत में अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।