
नई दिल्ली/ उत्तराखंड: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तराखंड भाजपा के सभी शक्ति केंद्र संयोजकों एवं प्रभारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचबद्री, पंचकेदार, पंचप्रयाग की पावन धरा देवभूमि उत्तराखंड को मैं कोटि-कोटि नमन करता हूं। मैं जब भी यहां आता हूं तो मुझे अनंत ऊर्जा की अनुभूति होती है। यह आध्यात्मिक संस्कार की धरती है। कहा जाता है कि सनातन धर्म को अपनी आध्यात्मिक शक्ति यहीं से मिलती है।
‘मिशन 2022′ में जुटी बीजेपी
BJP अध्यक्ष बोले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में भाजपा की श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जी, श्री तीरथ सिंह रावत जी और अब पुष्कर सिंह धामी जी की सरकार ने राज्य के विकास में कोई भी कसर नहीं छोड़ी है। उत्तराखंड से निकले सपूत हर क्षेत्र में देश के पुनर्निर्माण में अपना योगदान देते मिल जाते हैं। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें इस महान देवभूमि की सेवा का अवसर मिला है। मेरा बूथ-कोरोना मुक्त अभियान को सफल बनाने में भी बूथ कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा की है।
जेपी नड्डा ने भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं से किया वर्चुअल संवाद
आगे उन्होनें कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने न केवल भाजपा को चुनाव जिताया है बल्कि उन्होंने देश के विकास में योगदान देने वाले हर आंदोलन में बढ़ चढ़ कर भाग लिया है। कोरोना काल में बूथ कार्यकर्ताओं ने मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। संगठन की दृष्टि से उत्तराखंड को देखें तो राज्य में कुल 14 जिले, 252 मंडल, 2,364 शक्ति केंद्र और 11,234 बूथ हैं। सभी जिलों एवं मंडलों में भाजपा की संपूर्ण कार्यकारिणी का गठन हो चुका है।
जेपी नड्डा ने भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करते हुए कहा कि मैं सभी बूथ कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहता हूं कि आप सब बूथ पर पार्टी की आत्मा बनें और श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी के बताए रास्ते पर आगे बढ़ने का प्रण लें। भारतीय जनता पार्टी विचारधारा और संगठन के आधार पर राजनीति करती है। लोकतंत्र में जनता की सेवा के लिए चुनाव जीतना भी एक माध्यम होता है और हमारे लिए चुनाव जीतने के शस्त्र भी हमारे बूथ कार्यकर्ता ही हैं। वित्त वर्ष 2021-22 में टीकाकरण के लिए 35,000 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई।