विदेश

’18 सैनिकों की मौत, मुझसे चूक हुई…’ ईरान युद्ध पर ट्रंप के मंत्री ने मानी गलती, मांगी माफी

Iran War : अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने ईरान में सैन्य कार्रवाई के दौरान अमेरिकी सैनिकों की मौत को लेकर दिए अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. लुटनिक ने पहले एक अमेरिकी के मारे जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका बयान गलत था और ईरान में अमेरिकी सेना के 18 सदस्यों की मौत हुई है.

लुटनिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सफाई देते हुए कहा कि G20 इनोवेशन समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर बोलते समय ईरान में सैन्य कार्रवाई से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए उनसे गलती हुई, उन्होंने मृत सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि उनके नुकसान से उनका दिल टूट गया है और उन्हें इसके लिए बेहद खेद है.

वेनेजुएला अभियान को लेकर हुई थी भ्रम की स्थिति

लुटनिक ने बताया कि बयान देते समय उनके दिमाग में वेनेजुएला का सैन्य अभियान चल रहा था, उन्होंने कहा कि उस अभियान में किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी की मौत नहीं हुई थी और इसी वजह से उनसे यह गलती हुई.

वहीं, 9/11 हमले की 25वीं बरसी नजदीक आने का जिक्र करते हुए लुटनिक ने अमेरिकी सेना में सेवा देने वाले पुरुषों और महिलाओं के बलिदान के प्रति आभार जताया, उन्होंने बताया कि 9/11 हमले में उन्होंने अपने भाई गैरी, अपने करीबी दोस्त डग और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में मारे गए 656 अन्य परिचितों और सहकर्मियों को खोया था.

ट्रंप की पोस्ट के बाद आया माफी वाला बयान

लुटनिक की यह टिप्पणी बुधवार सुबह एक विस्तृत इंटरव्यू के दौरान सामने आई थी. शुरुआत में इस पर ज्यादा चर्चा नहीं हुई. लेकिन गुरुवार सुबह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस मामले को हल्का करने की कोशिश की. इसके करीब 45 मिनट बाद लुटनिक ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी जारी की.

सैनिकों की मौत के आंकड़ों पर पहले भी उठे सवाल

वहीं, ईरान युद्ध में अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने और घायल होने से जुड़े आंकड़ों को लेकर अमेरिकी प्रशासन पहले भी सवालों के घेरे में रहा है. जुलाई में रक्षा विभाग की वेबसाइट से चार मौतों और दर्जनों घायल सैनिकों से जुड़े आंकड़े हटाए जाने के बाद विवाद खड़ा हुआ था.

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी सैन्यकर्मियों की मौतों को लेकर मीडिया की रिपोर्टिंग पर सवाल उठा चुके हैं. मार्च में उन्होंने कहा था कि ड्रोन के अंदर तक पहुंचने या किसी दुखद घटना के सामने आने पर उसे प्रमुख खबर बना दिया जाता है.

ये भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर कान्हा जी को लगाएं खास पंचामृत का भोग, जानें बनाने की आसान विधि

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button