कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए गठित की पांच स्क्रीनिंग कमेटी

New Delhi : कांग्रेस पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए पांच स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया। आगामी लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई में होने हैं। पार्टी ने सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों को 5 समूहों में विभाजित किया है। पार्टी के एक बयान के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है।
हरीश चौधरी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है
पहले समूह में तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और पुड्डुचेरी है। हरीश चौधरी को इस स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं जिग्नेश मेवाणी और विश्वजीत कदम को इसमें सदस्य नियुक्त किया गया है। आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए मधुसूदन मिस्त्री को समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है। सूरज हेगड़े और शफ़ी परम्बिल इसके सदस्य हैं।
रजनी पाटिल को भी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है
गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, दमन और दीव और दादरा एवं नगर हवेली के लिए रजनी पाटिल को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं, कृष्णा अल्लावुरु और परगट सिंह इसके सदस्य हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख वाले समूह के लिए भक्त चरण दास को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसमें नीरज डांगी और यशोमति ठाकुर को सदस्य नियुक्त किया गया है।
पांच समूहों में किया है विभाजित
पंजाब से पार्टी नेता राणा केपी सिंह को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम वाले समूह के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जयवर्धन सिंह और इवान डिसूजा को इसमें सदस्य नियुक्त किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया, पार्टी ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पांच समूहों में विभाजित किया।
यह भी पढ़ें – Irani Family Disput: नोएडा में आपस में भिड़ा ईरानी परिवार… और हो गया कांड!