Biharमौसम

बिहार में कोल्ड वेव का कहर : 37 जिलों में पारा 10 से नीचे, मकर संक्रांति तक राहत के आसार कम

Bihar Cold Wave : बिहार इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है. राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के तीस जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि दिन का तापमान सामान्य से बहुत कम रहेगा और धूप भी कम निकलेगी, जिससे दिनभर ठंड महसूस होगी.

बिहार के 38 जिलों में से 37 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. केवल मधुबनी ऐसा जिला रहा, जहां तापमान 10 डिग्री से थोड़ा ऊपर दर्ज हुआ. राज्य में सबसे कम तापमान भागलपुर के सबौर में 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है. सबौर में ठंड इतनी तेज है कि वहां शिमला जैसी सर्दी महसूस की जा रही है.

ट्रेनों और फ्लाइट्स में देरी

बिहार की राजधानी पटना में भी ठंड ने लोगों को परेशान कर रखा है. यहां न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम होकर 16.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया. सुबह से शाम तक बर्फीली ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड और बढ़ गई है. सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है, जिससे सड़कों पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है. ट्रेनें और फ्लाइट्स भी देरी से चल रही हैं.

अगले 24 घंटे में तापमान और गिरेगा

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, ज्यादातर जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा और धूप बहुत कम निकलने की संभावना है. अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी. वहीं, उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते ठंडी पछुआ हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं, जिससे सर्दी और तीखी हो रही है.

मकर संक्रांति तक राहत की उम्मीद कम

सड़कों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं. कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं या समय बदल दिया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि ठंड से सांस की बीमारियां, जोड़ों का दर्द और अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं. इसलिए लोगों को गर्म कपड़े पहनने, घर में रहने और गुनगुना पानी पीने की सलाह दी जा रही है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबकि, ठंड और कोहरा अभी कुछ दिनों तक बना रह सकता है. मकर संक्रांति तक इससे राहत मिलने की संभावना कम जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें- डिप्टी स्पीकर का बड़ा कदम, गढ़शंकर के गांवों के लिए नई लिंक सड़कों का उद्घाटन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button